Home उत्तर प्रदेश पकी फसल में चिंगारी का खौफ, लालगोपालगंज में फायर स्टेशन स्थापना की...

पकी फसल में चिंगारी का खौफ, लालगोपालगंज में फायर स्टेशन स्थापना की उठी मांग

20
0

– अनहोनी होने पर 35 किमी दूर सोरांव से आती है दमकल की गाड़ी, तब तक किसानों की मेहनत हो जाती है राख।

लालगोपालगंज। धूप में तपिश और पछुआ हवाओं के साथ खेतों में गेहूं की सुनहरी फसल लहलहाने लगी है, लेकिन इस चमक के पीछे किसानों के चेहरे पर चिंता की लकीरें भी हैं। डर किसी प्राकृतिक आपदा का नहीं, बल्कि बिजली के जर्जर तारों या मानवीय चूक से निकलने वाली उस एक चिंगारी का है, जो साल भर की खून-पसीने की मेहनत को मिनटों में राख कर सकती है। क्षेत्रीय लोगों ने कस्बा में फायर स्टेशन की मांग प्रमुखता से उठाई है।
लालगोपालगंज, श्रृंगवेरपुर धाम व कौड़िहार ब्लॉक क्षेत्र की अग्नि सुरक्षा का जिम्मा 35 किलोमीटर दूर सोरांव तहसील स्थित दमकल केंद्र के भरोसे है। दूरी इतनी अधिक है कि जब तक फायर ब्रिगेड की गाड़ी सायरन बजाते पहुंचती है, तब तक किसानों की उम्मीदें और फसल खाक हो चुकी होती हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में कटाई और मड़ाई का समय शुरू होने वाला है। क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि दमकल केंद्र दूर होने के कारण आग लगने पर ग्रामीण लाठी-डंडों व बांस-बाल्टियों से आग बुझाने को मजबूर होते हैं। दशकों से लालगोपालगंज या श्रृंगवेरपुर क्षेत्र में मिनी फायर स्टेशन की मांग की जा रही है, लेकिन जिम्मेदारों की उदासीनता के कारण स्थिति जस की तस बनी हुई है।

– क्या कहते हैं लोग।

फसल तैयार है और कटाई का समय नजदीक है। लेकिन अनहोनी होने पर सोरांव से दमकल आने में कम से कम एक घंटा लग जाता है। इतनी देर में खेत में सिर्फ राख ही बचती है।

जीतेन्द्र सरोज, प्रधानसंघ अध्यक्ष, श्रृंगवेरपुरधाम।

– लालगोपालगंज एक बड़ा व्यापारिक केंद्र है, जहां करोड़ों का माल डंप रहता है। आग लगने की स्थिति में हम पूरी तरह भगवान भरोसे हैं। यहां सुरक्षा के लिए दमकल केंद्र की आवश्यक्ता है।

– विजय भास्कर त्रिपाठी उपाध्यक्ष, व्यापार मंडल, लालगोपालगंज।

– श्रृंगवेरपुर धाम एक महत्वपूर्ण धार्मिक और प्रशासनिक केंद्र है। यहां फायर ब्रिगेड की व्यवस्था न होना बड़ी लापरवाही है। हमारी मांग है कि उच्च अधिकारी इस बड़ी समस्या का समाधान करें।

– एडवोकेट संतोष मिश्र, पटना उपरहार श्रृंगवेरपुरधाम।

– कौड़िहार से लालगोपालगंज तक का भौगोलिक क्षेत्र बहुत बड़ा है। दूरी के कारण दमकल कर्मी चाहकर भी समय पर नहीं पहुंच पाते। यहां एक मिनी फायर स्टेशन की सख्त जरूरत है।

– एडवोकेट मो. अरशद, समाज सेवी, लालगोपालगंज।