KAUSHAMBI NEWS: विज्ञान को आमजन, विशेषकर ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों तक सरल और रुचिकर तरीके से पहुंचाने के उद्देश्य से क्षेत्रीय विज्ञान नगरी, लखनऊ (संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार की इकाई) द्वारा सचल विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम कड़ा ब्लॉक के पंडित दीनदयाल उपाध्याय मॉडल इंटर कॉलेज केसारी में बुधवार को आयोजित हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं व शिक्षकों ने सहभागिता की। प्रदर्शनी के दौरान क्षेत्रीय विज्ञान नगरी की मोबाइल विज्ञान प्रदर्शनी बस विद्यालय परिसर में पहुंची, जिसमें करीब 20 से अधिक वैज्ञानिक मॉडल और प्रयोग प्रदर्शित किए गए। इन मॉडलों के माध्यम से विद्यार्थियों को विज्ञान व तकनीक से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां सरल भाषा में समझाई गईं। साथ ही विज्ञान आधारित शैक्षिक फिल्म का प्रदर्शन और वैज्ञानिक प्रयोगों का सजीव प्रदर्शन भी किया गया, जिससे छात्र-छात्राओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य नीरज केशरी, शिक्षिका साधना तीव्र व संध्या द्विवेदी सहित समस्त शिक्षकगण व छात्र-छात्राओं ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर वैज्ञानिक जानकारियां प्राप्त कीं। इस अवसर पर क्षेत्रीय विज्ञान नगरी, लखनऊ से आए विज्ञान विशेषज्ञ संजय कुमार सिंह ने विद्यार्थियों को विज्ञान के विभिन्न सिद्धांतों के प्रयोगों के माध्यम से समझाते हुए वैज्ञानिक सोच विकसित करने पर बल दिया। विशेषज्ञों ने बताया कि ऊर्जा मानव जीवन का महत्वपूर्ण आधार है और इसके संरक्षण व वैकल्पिक स्रोतों के विकास की आवश्यकता है। प्रदर्शनी के माध्यम से विद्यार्थियों को ऊर्जा संरक्षण, वैज्ञानिक सोच और तकनीकी विकास के प्रति जागरूक किया गया। प्रधानाचार्य ने कहा कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में विज्ञान के प्रति जिज्ञासा बढ़ाना और ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को वैज्ञानिक दृष्टिकोण से जोड़ना रहा। इस आयोजन से विद्यार्थियों एवं शिक्षकों में विज्ञान के प्रति नई रुचि और जागरूकता देखने को मिली।







