Home उत्तर प्रदेश पंचायत भवनों में डिजिटल लाइब्रेरी की व्यवस्थाओं का निरीक्षण

पंचायत भवनों में डिजिटल लाइब्रेरी की व्यवस्थाओं का निरीक्षण

FATEHPUR NEWS: विकासखंड धाता के विभिन्न गांवों में पंचायत भवनों पर स्थापित की जा रही डिजिटल लाइब्रेरी की व्यवस्थाओं का शनिवार को जिला पंचायत राज अधिकारी (डीपीआरओ) रमाशंकर वर्मा ने निरीक्षण किया। उन्होंने सेमरहटा, घोसी, उमरा, अढ़ौया, मखौवा, सरवनपुर, नेदौरा और किशुनपुर चिरई गांव पहुंचकर डिजिटल लाइब्रेरी की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान डीपीआरओ ने पंचायत भवनों में उपलब्ध सुविधाओं को देखा और संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने लाइब्रेरी में किताबों, फर्नीचर, बैठने एवं पढ़ने की व्यवस्था के साथ ही कंप्यूटर और अन्य डिजिटल संसाधनों को दुरुस्त रखने को कहा। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों और युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए शहरों की ओर न जाना पड़े, इसी उद्देश्य से पंचायत भवनों में डिजिटल लाइब्रेरी की सुविधा विकसित की जा रही है। गांवों में प्रतिभाओं की कमी नहीं है, लेकिन आर्थिक और अन्य कारणों से कई बच्चे शहर जाकर तैयारी नहीं कर पाते। ऐसे बच्चों को गांव में ही पढ़ाई के लिए बेहतर माहौल उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि डिजिटल लाइब्रेरी में प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित उपयोगी पुस्तकें और डिजिटल संसाधन उपलब्ध रहेंगे। पंचायत सहायक सहित संबंधित कर्मचारी लाइब्रेरी की नियमित व्यवस्था देखेंगे। डीपीआरओ ने कंप्यूटर और अन्य उपकरणों को सुरक्षित रखने तथा लाइब्रेरी को निर्धारित समय पर खोलने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बच्चों और युवाओं को सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। इस दौरान संबंधित अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।