SIDHARTHNAGAR NEWS: विकास खंड शोहरतगढ़ के ग्राम पंचायत मदरहना उर्फ दत्तपुर में सरकारी योजनाओं की अनदेखी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां ग्रामीणों की सुविधा के लिए बना ग्राम पंचायत भवन, घोड़ों का अस्तबल बन चुका है। हैरानी की बात यह है कि इस गंभीर लापरवाही पर ग्राम प्रधान और ब्लॉक के अधिकारी खामोश हैं। सरकार ने प्रत्येक ग्राम पंचायत में भवन इसलिए बनवाए थे, ताकि पंचायत सहायक और सचिव वहां बैठकर ग्रामीणों के जरूरी काम कर सकें। आय, जाति, निवास, जन्म प्रमाण पत्र, परिवार रजिस्टर में नाम जोड़ना या हटाना और ग्राम सभा की बैठकें जैसे महत्वपूर्ण कार्य यहीं से होने थे। लेकिन मदरहना उर्फ दत्तपुर में भवन के कमरों में घोड़े बंधे होने के कारण ये सभी काम ठप पड़े हैं। ग्रामीणों को अपने छोटे-छोटे कामों के लिए जिम्मेदारों के पास भटकना पड़ रहा है। पंचायत भवन का उपयोग न होने से यह सिर्फ एक दिखावा बनकर रह गया है और अपने मूल उद्देश्य से पूरी तरह भटक चुका है। स्थानीय ग्रामीणों ने इस स्थिति पर नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि जब पंचायत भवन का उपयोग नहीं हो रहा है, तो कुछ लोगों ने उसे अपना अस्तबल बना लिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस मामले में ग्राम प्रधान कुसुमलता चौधरी और संबंधित अधिकारी चुप हैं। ग्रामीणों ने उच्च अधिकारियों से इस लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।







