Home उत्तर प्रदेश नौ दिवसीय मेले में योजनाओं की धूम, सातवें दिन आईटीआई परिसर में...

नौ दिवसीय मेले में योजनाओं की धूम, सातवें दिन आईटीआई परिसर में जागरूकता का संगम

FATEHPUR NEWS: जिलाधिकारी रविन्द्र सिंह के मार्गदर्शन में प्रदेश सरकार के नौ वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित नौ दिवसीय मेले के सातवें दिन आईटीआई फतेहपुर परिसर में विभिन्न विभागों ने स्टाल लगाकर लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी।
मेले में महिला कल्याण, कृषि, उद्योग, आयुष, पशुपालन, समाज कल्याण, स्वास्थ्य, सिंचाई सहित कई विभागों ने भाग लिया। महिला कल्याण विभाग ने जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, बाल सेवा योजना, निराश्रित महिला पेंशन, वन स्टॉप सेंटर और चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 समेत अन्य हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी। जिला सूचना विभाग द्वारा सरकार के नौ वर्षों के विकास कार्यों की प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसे लोगों ने देखा और सराहा। इसी क्रम में आईटीआई सभागार में विश्व क्षयरोग दिवस पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें प्रधानमंत्री टीबी मुक्त पंचायत अभियान के तहत जनपद की 32 ग्राम पंचायतों को टीबी मुक्त घोषित होने पर सम्मानित किया गया। मानेपुर ग्राम पंचायत को लगातार तीन वर्ष टीबी मुक्त रहने पर स्वर्ण, जबकि कई अन्य ग्राम पंचायतों को रजत और कांस्य सम्मान दिया गया। कार्यक्रम में टीबी उन्मूलन कार्यक्रम में सहयोग करने वाले अधिकारियों, चिकित्सकों और अन्य लोगों को भी प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर परियोजना निदेशक शेषमणी सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजीव नयन गिरि, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राजेश कुमार सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।