राधानगर की होनहार बेटी ने कठिन परिश्रम से पाई कामयाबी
FATEHPUR NEWS: जनपद फतेहपुर की मेधावी बेटी नेहा गुप्ता ने उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपी पीसीएस) परीक्षा में सफलता हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है। राधानगर निवासी प्रमुख व्यवसायी मूलचंद्र गुप्ता की पुत्री नेहा गुप्ता ने अपने अथक परिश्रम और लगन के बल पर प्रतिष्ठित परीक्षा उत्तीर्ण कर डिप्टी जेलर का पद प्राप्त किया है। नेहा गुप्ता ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा सीपीएस से हाईस्कूल तथा महर्षि विद्या मंदिर से इंटरमीडिएट की परीक्षा उत्तीर्ण की। अपनी सफलता का श्रेय उन्होंने अपने माता-पिता और परिवार के सहयोग को दिया है। जैसे ही नेहा की सफलता की खबर जनपद में फैली, बधाई देने वालों का सिलसिला शुरू हो गया, जो लगातार जारी है। विभिन्न सामाजिक व राजनीतिक संगठनों के लोग उनके आवास पहुंचकर शुभकामनाएं दे रहे हैं। भारतीय जनता पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष आशीष मिश्र ने भी उनके घर पहुंचकर बेटी की सफलता पर बधाई दी। इसके अलावा अग्रहरि समाज के प्रमुख लोगों में सुमंत गुप्ता, विनोद गुप्ता, संजय गुप्ता, शिवकांत अग्रहरि सहित कई गणमान्य नागरिकों ने नेहा को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। नेहा की इस उपलब्धि से पूरे जिले में हर्ष का माहौल है और युवाओं के लिए यह प्रेरणा का स्रोत बन गई है।







