SIDHARTHNAGAR NEWS: उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार छात्र-हितों, नीट एवं सीबीएसई परीक्षाओं में हुई अनियमितताओं तथा छात्रों पर हुए दमनकारी रवैये के विरोध में शनिवार को जिला कांग्रेस कमेटी सिद्धार्थनगर द्वारा विशाल कैंडल मार्च एवं सत्याग्रह का आयोजन किया गया। कैंडल मार्च नौगढ़ तहसील प्रांगण से शुरू होकर नगर पालिका परिषद स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा तक पहुंचा, जहां पुष्पांजलि अर्पित कर सत्याग्रह का समापन हुआ। कैंडल मार्च का नेतृत्व करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष काज़ी सुहेल अहमद ने कहा कि आज देश का युवा और छात्र वर्ग अपने भविष्य को लेकर बेहद चिंतित है। परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता पर लगातार सवाल उठ रहे हैं, लेकिन सरकार जवाबदेही तय करने के बजाय छात्रों की आवाज दबा रही है। उन्होंने सरकार से परीक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता लाने, दोषियों पर सख्त कार्रवाई करने और दमनकारी नीतियां बंद करने की मांग की। इस प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने हाथों में मोमबत्तियां लेकर शांतिपूर्ण ढंग से छात्रों के प्रति एकजुटता जताई। कार्यक्रम में जावेद मोकीम, अनिल सिंह अन्नू, सादिक अहमद, राजन श्रीवास्तव, पंकज चतुर्वेदी, सतीश चन्द्र त्रिपाठी, अश्विनी सिंह सोलंकी, रितेश त्रिपाठी, डॉ. प्रमोद कुमार, होरी लाल श्रीवास्तव, मोबीन खान, सुदामा प्रसाद और संतोष चौधरी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।







