Home उत्तर प्रदेश निपुण भारत के तहत बच्चों को मिला शैक्षणिक डेस्क व इनोवेटिव स्कूल...

निपुण भारत के तहत बच्चों को मिला शैक्षणिक डेस्क व इनोवेटिव स्कूल बैग

SIDHARTHNAGAR NEWS:  राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 एवं निपुण भारत कार्यक्रम 2023 के अंतर्गत शिक्षा और स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से विकास खंड नौगढ़, जोगिया, उसका, बर्डपुर, लोटन, शोहरतगढ़ एवं बढ़नी में अध्ययनरत बच्चों को शैक्षणिक डेस्क और इनोवेटिव स्कूल बैग का वितरण किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद बृजलाल तथा जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी.एन. की उपस्थिति रही। कार्यक्रम की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में चल रहे शिक्षा सुदृढ़ीकरण अभियान के क्रम में हुई। राज्यसभा सांसद बृजलाल के प्रयासों से भारत सरकार के उपक्रम हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल) के निगमित सामाजिक उत्तरदायित्व के तहत कार्यदायी संस्था यूनिसेड ने इनोवेशन द्वारा यह पहल शुरू की गई, जिसका उद्देश्य जनपद के बच्चों की शिक्षा और स्वास्थ्य को बेहतर बनाना है।बताया गया कि यूनिसेड संस्था देश के 22 राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों में विभिन्न आईआईटी के सहयोग से सामुदायिक शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में नवाचार कर रही है। इसी क्रम में आईआईटी कानपुर द्वारा विकसित विशेष शैक्षणिक डेस्क तथा पेटेंट संख्या 287945 वाले इनोवेटिव स्कूल बैग राजकीय प्राथमिक विद्यालयों में अध्ययनरत बच्चों को वितरित किए जा रहे हैं।अपने संबोधन में सांसद बृजलाल ने कहा कि एचपीसीएल के एवं यूनिसेड संस्था के माध्यम से बच्चों के स्वास्थ्य और शिक्षा सुधार की दिशा में हो रहे प्रयास अत्यंत सराहनीय और लाभकारी हैं। उन्होंने कहा कि सही ढंग से बैठकर पढ़ने-लिखने की आदत बच्चों की रीढ़, मस्तिष्क और आंखों के स्वास्थ्य के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। कार्यक्रम के लाभों पर प्रकाश डालते हुए बताया गया कि यह पहल बच्चों के पढ़ने-लिखने के समय को बढ़ाने, रक्त संचार बेहतर करने, मांसपेशियों की कमजोरी कम करने, रीढ़ संबंधी समस्याओं से बचाव तथा आंखों को स्वस्थ रखने में सहायक सिद्ध होगी। साथ ही यह गर्दन, कंधे और पीठ दर्द जैसी समस्याओं के सुधार में भी उपयोगी है।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद बृजलाल, पीडी नागेंद्र मोहन राम त्रिपाठी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शैलेश कुमार सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी, शिक्षकगण, छात्र-छात्राएं एवं अभिभावक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।