Home उत्तर प्रदेश निपुण की श्रेणी से बाहर विद्यालयों की की गई गहन समीक्षा

निपुण की श्रेणी से बाहर विद्यालयों की की गई गहन समीक्षा

8
0

लालगोपालगंज। श्रृंगवेरपुर ब्लाक संसाधन केंद्र पर सोमवार को प्रधानाध्यापकों की मासिक बैठक आयोजित की गई, जिसमें ब्लाक क्षेत्र के सभी प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों के प्रधानाध्यापक शामिल हुए। बैठक की अध्यक्षता खंड शिक्षा अधिकारी वीरेंद्र कुमार कनौजिया ने की। इस दौरान विद्यालयों की शैक्षिक स्थिति, छात्र उपस्थिति और विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में बीईओ ने सभी विद्यालयों में छात्र-छात्राओं की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिया कि प्रत्येक विद्यालय प्रतिदिन अपने उपस्थिति रजिस्टर को अद्यतन रखे और उसकी फोटो अनिवार्य रूप से व्हाट्सएप्प समूह पर अपलोड करे। उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था से विद्यालयों की वास्तविक स्थिति की निगरानी करना आसान होगा और अनुपस्थित छात्रों की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई की जा सकेगी।
इसके अलावा बैठक में निपुण विद्यालयों की घटती संख्या को लेकर गंभीर चिंता व्यक्त की गई। इस विषय पर विस्तार से चर्चा करते हुए अधिकारियों ने उन विद्यालयों के कारणों की समीक्षा की, जो निपुण श्रेणी से बाहर हो गए हैं। खंड शिक्षा अधिकारी ने इस स्थिति पर असंतोष जताते हुए शिक्षकों को आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए। मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता, विद्यालय परिसर की साफ-सफाई तथा शिक्षण कार्य को अधिक प्रभावी बनाने के उपायों पर भी विचार-विमर्श किया गया। बीईओ ने शिक्षकों से समय पर विद्यालय पहुंचने, नियमित कक्षाएं संचालित करने तथा शिक्षण में नवाचार अपनाने की अपील की, जिससे छात्रों की रुचि बढ़े और सीखने के परिणाम बेहतर हों। बैठक के दौरान प्रधानाध्यापकों ने भी अपनी समस्याएं साझा कीं। इनमें संसाधनों की कमी, भवनों की मरम्मत, और छात्रों की घटती उपस्थिति प्रमुख मुद्दे रहे। अधिकारियों ने इन समस्याओं के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। अंत में सभी प्रधानाध्यापकों को निर्देश दिया गया कि वे शासन की मंशा के अनुरूप कार्य करते हुए शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के लिए पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें।