FATEHPUR NEWS: सदर तहसील क्षेत्र के आदर्श विद्या मंदिर, मिट्ठनपुर खुराना को लेकर विवाद सामने आया है। विद्यालय की प्रबंधक रामा देवी ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र सौंपकर विद्यालय के संचालन में कथित फर्जीवाड़े, वित्तीय अनियमितताओं और शिक्षा विभाग के नियमों के उल्लंघन के आरोप लगाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है। शिकायती पत्र के अनुसार, विद्यालय वर्ष 2006 से संचालित है और रामा देवी स्वयं को विधिवत नियुक्त प्रबंधक बताती हैं। उनका आरोप है कि रंजीत प्रसाद कथित रूप से फर्जी तरीके से स्वयं को विद्यालय का प्रबंधक बताकर संचालन कर रहे हैं। शिकायत में यह भी कहा गया है कि प्रबंध समिति के सदस्यों के कथित फर्जी हस्ताक्षर कर उन्हें प्रबंधक पद से हटाने का प्रयास किया गया। रामा देवी ने आरोप लगाया है कि विद्यालय को केवल कक्षा 5 तक की मान्यता प्राप्त है, जबकि वहां कक्षा 8 तक पढ़ाई कराई जा रही है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि विद्यालय में मूलभूत सुविधाओं का अभाव है तथा छात्रों से प्रवेश शुल्क, कॉपी-किताब, ड्रेस और अन्य मदों के नाम पर मनमाने ढंग से धनराशि वसूली जा रही है। शिकायत में प्रशिक्षित शिक्षकों की कमी का भी उल्लेख किया गया है। शिकायतकर्ता का कहना है कि इन कथित अनियमितताओं से छात्रों के भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है और शिक्षा विभाग के नियमों की अनदेखी की जा रही है। उन्होंने जिलाधिकारी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने तथा विद्यालय का संचालन निर्धारित मानकों के अनुरूप सुनिश्चित कराने की मांग की है।







