विधानसभा निर्वाचन नामावलियों के विशेष पुनरीक्षण 2026 की तैयारियां का मंडलायुक्त ने बैठक कर की समीक्षा, दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
BHADOHI NEWS: भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर विधानसभा निर्वाचन नामावलियों के विशेष पुनरीक्षण 2026 की तैयारियां तेज हो गई हैं। रोल प्रेक्षक एवं मंडलायुक्त विंध्याचल मंडल मिर्जापुर राजेश प्रकाश ने जनपद भदोही का तीसरा दौरा किया। उन्होंने कलेक्ट्रेट सभागार में एक समीक्षा बैठक कर तैयारियों का जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान मंडलायुक्त ने 10 अप्रैल 2026 को होने वाले निर्वाचन नामावली के अंतिम प्रकाशन से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नामावली के प्रकाशन के लिए आवश्यक छायाप्रतियां समय पर तैयार कर ली जाएं, ताकि निर्धारित तिथि पर कोई व्यवधान न हो। मंडलायुक्त ने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि सभी मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को मतदाता सूची की एक-एक प्रति उपलब्ध कराई जाए। इसके अतिरिक्त, उन्होंने निर्देश दिए कि अंतिम प्रकाशन के दिन मतदाता सूची सभी मतदेय स्थलों, तहसीलों और जिला निर्वाचन कार्यालय में आम जनता के अवलोकन के लिए उपलब्ध रहनी चाहिए। इससे प्रक्रिया में पारदर्शिता और सुगमता बनी रहेगी। इसके लिए मंडलायुक्त द्वारा व्यापक एवं आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस मौके पर जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीएम शैलेश कुमार, उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं एडीएम कुंवर वीरेन्द्र मौर्य और एसडीएम ज्ञानपुर भान सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।







