FATEHPUR NEWS: नहर कॉलोनी में उत्तर प्रदेश आंगनबाड़ी कार्यकर्ती सहायिका संघ की जिला अध्यक्ष सोनकर के नेतृत्व में सैकड़ों आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन किया। संयुक्त मोर्चा के तत्वावधान में आयोजित इस धरने में कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री को 10 सूत्रीय मांग पत्र भेजकर समस्याओं के समाधान की मांग उठाई। जिला अध्यक्ष ने बताया कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाएं कई वर्षों से महिला एवं बाल विकास की आधारशिला के रूप में कार्य करते हुए पोषण, स्वास्थ्य, शिक्षा, टीकाकरण और मातृ-शिशु देखभाल सहित केंद्र व राज्य सरकार की अनेक योजनाओं का सफल क्रियान्वयन कर रही हैं। इसके बावजूद उन्हें अब तक पूर्णकालिक सरकारी कर्मचारी का दर्जा, सामाजिक सुरक्षा और सम्मानजनक मानदेय नहीं मिला है। उन्होंने बताया कि 8 मार्च अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर प्रदेश स्तर पर लखनऊ में मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा जाएगा। जो कार्यकर्त्रियां लखनऊ नहीं जा सकीं, वे फतेहपुर में धरना देकर अपनी आवाज बुलंद कर रही हैं। धरने के दौरान प्रमुख मांगों में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की सेवानिवृत्ति आयु 65 वर्ष करने, सेवानिवृत्त कार्यकर्ताओं को पेंशन व ग्रेच्युटी का लाभ देने, सहायिकाओं को वरिष्ठता के आधार पर पदोन्नति देने, पदोन्नति की आयु सीमा समाप्त करने तथा पोषण ट्रैकर पर कार्य के लिए उच्च गुणवत्ता के मोबाइल फोन और डाटा भत्ता उपलब्ध कराने की मांग शामिल रही। इसके साथ ही किराये के भवनों में संचालित आंगनबाड़ी केंद्रों का किराया सीधे भवन स्वामी के खाते में देने, पीएलआई प्रोत्साहन राशि को नियमित मानदेय में शामिल करने तथा आंगनबाड़ी केंद्रों के सुचारु संचालन के लिए पारदर्शी व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग भी उठाई गई। इस अवसर पर अर्चना वर्मा, शहनाज, संगीता सिंह, सुनीता, रेखा देवी, सावित्री देवी, मीना द्विवेदी, रीता, संध्या देवी, किरण सेन, लक्ष्मी देवी, रश्मि सहित सैकड़ों आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियां मौजूद रहीं।







