KAUSHAMBI NEWS: कक्षा 6 में प्रवेश के लिए आयोजित जवाहर नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा 2026 में इस बार कुल 5601 छात्रों ने पंजीकरण कराया था, जिनके सापेक्ष 2988 परीक्षार्थी उपस्थित रहे। इस प्रकार कुल उपस्थिति लगभग 53.34 प्रतिशत दर्ज की गई। इसमें सरकारी व प्राइवेट दोनों के बच्चों ने प्रतिभाग किया था।
मंगलवार देर रात जारी परीक्षा परिणाम में जनपद के छात्रों ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए सफलता हासिल की। सिराथू ब्लॉक के उच्च प्राथमिक विद्यालय कादीपुर के छात्र आशुतोष का चयन नवोदय विद्यालय के लिए हुआ है। वहीं कड़ा ब्लॉक के कम्पोजिट विद्यालय खाचकी मई के छात्र शौर्य पुत्र श्री चंद ने भी सफलता प्राप्त कर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। बताया गया कि नवोदय विद्यालय में कक्षा 6 में प्रवेश हेतु आयोजित इस परीक्षा में जनपद से कुल 80 रिक्त सीटों के सापेक्ष चयन सूची जारी की गई है। चयन सूची में छात्रों की बेहतर रैंकिंग भी सामने आई है, जिसमें यश सोनकर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि नमन दूसरे स्थान पर रहे।
छात्रों की इस सफलता पर संबंधित विद्यालयों में खुशी का माहौल है। विद्यालय स्टाफ ने चयनित छात्रों को प्रोत्साहित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। शिक्षकों ने कहा कि यह सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा बनेगी।







