गार्द की सलामी के बाद व्यवस्थाओं की करी समीक्षा
कानून-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण को लेकर अधिकारियों को दिए निर्देश
FATEHPUR NEWS: जनपद के नवागंतुक पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने रविवार शाम फतेहपुर का पदभार ग्रहण किया। इस दौरान पुलिस लाइन्स में गार्द द्वारा उन्हें सलामी दी गई। पदभार ग्रहण करने के बाद एसपी ने पुलिस लाइन का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान एसपी ने कार्यालयों, बैरकों, परिवहन शाखा, क्वार्टर गार्ड, परेड ग्राउंड, वर्दी स्टोर समेत अन्य व्यवस्थाओं का गहन अवलोकन किया। उन्होंने अभिलेखों के रख-रखाव, साफ-सफाई, अनुशासन और प्रशासनिक व्यवस्था की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान पुलिस लाइन में प्रशिक्षण ले रहे रिक्रूट आरक्षियों के प्रशिक्षण की भी जानकारी ली गई। एसपी ने आरटीसी भोजनालय, कैन्टीन और परेड ग्राउंड का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं को परखा और आवश्यक सुधार के निर्देश दिए। इसके बाद देर शाम पुलिस अधीक्षक ने पुलिस कार्यालय में पुलिस विभाग के राजपत्रित अधिकारियों के साथ बैठक कर जिले की कानून-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण को लेकर चर्चा की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। तत्पश्चात एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने पुलिस कार्यालय का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने एचएस रजिस्टर, एसआर रजिस्टर, एसआर पत्रावली, शस्त्र रजिस्टर, पाक्षिक अपराध आख्या और विभिन्न सूचनाओं से संबंधित रजिस्टरों का गहनता से अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक महेन्द्र पाल सिंह, जनपद के समस्त क्षेत्राधिकारी तथा अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।







