Home उत्तर प्रदेश नवरात्रि मेले की तैयारियों को लेकर कड़ा धाम थाना परिसर में बैठक,...

नवरात्रि मेले की तैयारियों को लेकर कड़ा धाम थाना परिसर में बैठक, व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश

KAUSHAMBI NEWS: शक्तिपीठ कड़ा धाम में आयोजित होने वाले आगामी नवरात्रि के पर्व को सकुशल और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से सोमवार को कड़ा धाम थाना परिसर में प्रशासन और मंदिर प्रबंध समिति की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में डीएसपी भैया संतोष कुमार सिंह और नायब तहसीलदार विनय कुमार ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों, मंदिर प्रबंध समिति के पदाधिकारियों तथा स्थानीय लोगों के साथ चर्चा कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। बैठक के दौरान मंदिर प्रबंध समिति के अध्यक्ष आत्म प्रकाश पंडा और महामंत्री जुगेश पंडा ने अधिकारियों के समक्ष धाम क्षेत्र में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, साफ-सफाई की व्यवस्था, शुद्ध पेयजल की उपलब्धता, मोबाइल टॉयलेट की व्यवस्था, गंगा घाटों पर गोताखोरों की तैनाती तथा गंगा में जल व बॉल बैरिकेटिंग लगाने की मांग रखी। इसके अलावा मुख्य मार्ग से मंदिर तक लगे सीसीटीवी कैमरों को दुरुस्त कराने और प्रकाश की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने की बात भी कही गई। इस पर डीएसपी भैया संतोष कुमार सिंह और नायब तहसीलदार विनय कुमार ने संबंधित विभागों के कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नवरात्रि मेले की शुरुआत से पहले सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह दुरुस्त कर ली जाएं, ताकि धाम आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। वहीं थाना अध्यक्ष त्रिलोकीनाथ पांडे ने धाम के कुछ पुरोहितों की शिकायत सुनने के बाद सख्त निर्देश दिए कि नवरात्रि के नौ दिनों तक कोई भी व्यक्ति चाहे पुरोहित हो या श्रद्धालु गुटखा या पान खाकर मंदिर परिसर में प्रवेश नहीं करेगा। ऐसा करते पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। बैठक में नगर पंचायत दारानगर कड़ा धाम के अध्यक्ष प्रतिनिधि अरुण केसरवानी ने भी मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, साफ-सफाई और पेयजल व्यवस्था का विशेष ध्यान रखने की बात कही। इस दौरान विद्युत विभाग के जेई राजपथ रजक, समाजसेवी विनय पांडे, सभासद रामभोले पंडा, स्वास्थ्य विभाग से बीपीएम डब्बू सिंह,कमेटी के गोलू पंडा, अलबेला पंडा, गोताखोर मकबूल समेत राजस्व, विद्युत और पेयजल विभाग के कर्मचारी तथा अन्य लोग मौजूद रहे।