Home उत्तर प्रदेश नवप्रवेशी छात्रोंको विद्यालय कार्य प्रणाली से किया गया जागरूक

नवप्रवेशी छात्रोंको विद्यालय कार्य प्रणाली से किया गया जागरूक

गंगागुरुकुलम में इंडक्शन एवं ओरिएंटेशन कार्यक्रम का भव्य आयोजन

PRAYAGRAJ NEWS:  एमपीवीएम गंगा गुरुकुलम में शैक्षिक सत्र 2026 दृ 27 के शुभारंभ पर इंडक्शन एवं ओरिएंटेशन कार्यक्रम का आयोजन हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य नवप्रवेशी विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों को विद्यालय की कार्यप्रणाली, उपलब्धियों एवं मूल्यों से अवगत कराना था। कार्यक्रम का शुभारंभ पारंपरिक रीति से दीप प्रज्वलन एवं विद्यालय के नवप्रवेशी विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना के साथ हुआ, जिससे सम्पूर्ण वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से ओत-प्रोत हो उठा। विद्यालय की प्रधानाचार्या माधुरी श्रीवास्तव ने स्वागत उद्बोधन में अतिथियों, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों का हार्दिक अभिनंदन करते हुए विद्यालय की शैक्षिक नीतियों, अनुशासन एवं संस्कारप्रधान शिक्षा की महत्ता पर प्रकाश डाला। विद्यालय में भगवद्गीता को विशेष रूप से जीवनमूल्यों, नैतिकता एवं भारतीय सांस्कृतिक विरासत के सशक्त संवाहक के रूप में स्थान दिया जाता है। इसी उद्देश्य से कक्षा 6 से 8 तक के नवप्रवेशी विद्यार्थियों द्वारा गीता के चयनित श्लोकों का सस्वर वाचन किया गया, जो कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रहा। इस प्रस्तुति ने उपस्थित जनसमूह को भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक चेतना एवं आदर्श जीवन मूल्यों से जोड़ते हुए एक विशेष आध्यात्मिक अनुभूति प्रदान की। पावरपॉइंट प्रस्तुति के माध्यम से सत्र 2025- 26 में विद्यालय की उपलब्धियों एवं सुदृढ़ आधारभूत संरचना का प्रभावी परिचय कराया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में नौवीं कक्षा के नवप्रवेशी विद्यार्थियों के प्रस्तुत अंग्रेजी गीत तथा कक्षा 3 से 9 तक के नवप्रवेशी विद्यार्थियों के प्रस्तुत समूह नृत्य अत्यंत मनमोहक एवं सराहनीय रहा।  कक्षा 3 से 5 के नवप्रवेशी विद्यार्थियों के प्रस्तुत विद्यालय गीत ने सभी के हृदय को स्पर्श कर लिया।  समन्वयक रिंकू श्रीवास्तव ने धन्यवाद ज्ञापित किया , जिसमें उन्होंने सभी अतिथियों, अभिभावकों, शिक्षकों के सहयोग एवं विद्यार्थियों के ऊर्जावान प्रस्तुति के प्रति आभार व्यक्त किया।