Home उत्तर प्रदेश नवनिर्माण के 9 वर्ष गोष्ठी में गिनाईं उपलब्धियां, सांसद जगदंबिका पाल बोले...

नवनिर्माण के 9 वर्ष गोष्ठी में गिनाईं उपलब्धियां, सांसद जगदंबिका पाल बोले विकास, सुशासन और जनकल्याण रहा प्राथमिकता

SIDHARTHNAGAR NEWS: शुक्रवार को प्रदेश सरकार के 9 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में “नवनिर्माण के 09 वर्ष” विषयक भव्य गोष्ठी का आयोजन विकास खंड इटवा में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता डुमरियागंज सांसद जगदंबिका पाल ने की। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक मौर्या, पूर्व विधायक सतीश द्विवेदी, जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन तथा मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के स्वागत से हुई, जहां जिलाधिकारी द्वारा मुख्य अतिथि एवं अन्य जनप्रतिनिधियों का बुके भेंट कर अभिनंदन किया गया। इसके बाद आयोजित गोष्ठी में वक्ताओं ने प्रदेश सरकार के 9 वर्षों की उपलब्धियों पर विस्तार से प्रकाश डाला। सांसद जगदंबिका पाल ने अपने संबोधन में कहा कि बीते 9 वर्षों में प्रदेश सरकार ने विकास, सुशासन और जनकल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। उन्होंने कहा कि सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, बिजली, पेयजल और कानून-व्यवस्था के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति हुई है, जिससे प्रदेश की तस्वीर बदली है। उन्होंने किसानों के लिए चलाई जा रही योजनाओं—प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, फसल बीमा योजना एवं सिंचाई सुविधाओं के विस्तार—का उल्लेख करते हुए कहा कि इनसे किसानों की आय और जीवन स्तर में सुधार हुआ है। उन्होंने आगे कहा कि युवाओं के लिए रोजगार सृजन और कौशल विकास कार्यक्रमों को बढ़ावा दिया गया है, जिससे वे आत्मनिर्भर बन रहे हैं। महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए चलाई जा रही योजनाओं का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार ने उन्हें आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त बनाने के लिए ठोस कदम उठाए हैं। भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक मौर्या ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश ने 9 वर्षों में अभूतपूर्व विकास किया है। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में भयमुक्त वातावरण स्थापित हुआ है और कानून-व्यवस्था मजबूत हुई है। उत्तर प्रदेश अब निवेश का प्रमुख केंद्र बन चुका है, जिससे रोजगार के अवसर बढ़े हैं।पूर्व विधायक सतीश द्विवेदी ने कहा कि जो उत्तर प्रदेश कभी “बीमारू राज्य” की श्रेणी में गिना जाता था, आज वही विकास के मामले में अग्रणी बन चुका है। उन्होंने कहा कि एक्सप्रेस-वे और एयरपोर्ट जैसी आधारभूत संरचनाओं के विस्तार से प्रदेश की पहचान बदल रही है और आने वाले समय में उत्तर प्रदेश देश का अग्रणी राज्य बनेगा। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का भी निरीक्षण किया गया, जहां आमजन को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही योजनाओं से जोड़ने के निर्देश दिए गए। इस दौरान स्वयं सहायता समूह की 7 महिलाओं, समाज कल्याण विभाग के 2 शादी अनुदान लाभार्थियों, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के 5 लाभार्थियों एवं आवास योजना के 3 लाभार्थियों को प्रमाण पत्र एवं स्वीकृति पत्र वितरित किए गए। इसके साथ ही कार्यक्रम में गर्भवती महिलाओं की गोदभराई एवं बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी सम्पन्न कराया गया, जिससे आयोजन में सामाजिक सरोकारों की झलक भी देखने को मिली। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों के साथ-साथ विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, लाभार्थी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। पूरे आयोजन में सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने और विकास की गति को और तेज करने का संकल्प दोहराया गया।