FATEHPUR NEWS: फतेहपुर सदर के हुसैनगंज स्थित नरौली गांव में गंगा नदी का पानी घुस गया है। नदी का जलस्तर बढ़ने के कारण गांव के भीतर जलभराव हो गया है, जिससे सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ है। गांव की नालियों में पानी भर जाने से ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई स्थानों पर पानी घरों के अंदर तक पहुंच गया है, जिससे लोगों को अपने घरों से बाहर निकलने में भी कठिनाई हो रही है। ग्रामीणों का कहना है कि यह जलभराव कई दिनों से बना हुआ है, जिससे उनकी मुश्किलें बढ़ गई हैं। राजाराम और विजय बहादुर सहित कई अन्य ग्रामीणों ने बताया कि जलभराव के कारण खेत की फसलें और पालतू जानवर भी प्रभावित हुए हैं। उन्होंने सरकार से जल्द से जल्द सहायता प्रदान करने और नुकसान की भरपाई करने की गुहार लगाई है।







