Home उत्तर प्रदेश नगर पालिका की परती जमीन पर अवैध कब्जे के विरोध में आप...

नगर पालिका की परती जमीन पर अवैध कब्जे के विरोध में आप ने किया प्रदर्शन, जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन

MIRZAPUR NEWS: (सुनील कुमार गुप्ता)  नगर पालिका परिषद  वार्ड नंबर 2 में दर्ज भवन संख्या 639, बाग कुंज गिरी का बगीचा की परती भूमि पर कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर अवैध कब्जे के विरोध में मंगलवार को आम आदमी पार्टी ने जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर जिलाधिकारी को पत्र सौंपा। आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष सुनील कुमार पांडे एडवोकेट के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन में मोहल्ले के निवासी उबैद अहमद पुत्र समीउल्लाह निवासी बाग कुंज गिरी सहित अन्य लोग शामिल हुए। आरोप है कि मिर्जापुर नगर पालिका की खाली एवं परती भूमि पर भू-माफिया फरात खान पुत्र स्वर्गीय शमीम खान निवासी बाग कुंज गिरी, थाना कटरा कोतवाली द्वारा कब्जा किया गया है। जिलाधिकारी ने पत्र मिलने पर तत्काल थाना अध्यक्ष कटरा कोतवाली को मौके पर शांति व्यवस्था बनाए रखने एवं किसी प्रकार का निर्माण कार्य न कराए जाने का आदेश जारी किया। प्रदर्शन को संबोधित करते हुए आप के वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष एवं अंतर्राष्ट्रीय न्यायिक मानवाधिकार संरक्षण, नई दिल्ली के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सुनील कुमार पांडे एडवोकेट ने कहा कि नगर पालिका परिषद में पैसा लेकर खाली परती भूमि पर गलत चौहद्दी के आधार पर कब्जा करने का खेल चल रहा है। जब परती जमीन पर कोई भवन नहीं बना है तो फिर खाली जमीन पर भवन संख्या नगर पालिका परिषद मिर्जापुर द्वारा कैसे आवंटित कर दी गई? नगर पालिका परिषद के वार्ड नंबर 2 में भवन संख्या 639 बाग कुंज गिरी का बगीचा की परती जमीन पर भवन संख्या के आधार पर अवैध कब्जा कैसे किया जा रहा है? इसमें सत्ता पक्ष के लोग शामिल हैं, इसकी जांच कराई जाए और दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। उन्होंने जिला प्रशासन को चेतावनी दी कि यदि नगर पालिका परिषद की परती जमीनों पर पैसे के बल पर भू-माफियाओं को कब्जा दिया गया तो आम आदमी पार्टी इसको लेकर विशाल आंदोलन करेगी। प्रदर्शन में प्रमुख रूप से उबैद अहमद, गणेश सोनकर एडवोकेट, राकेश वर्मा एडवोकेट और मोहल्ले के निवासीगण सम्मिलित रहे।