जेठवारा मार्ग पर एलईडी स्ट्रीट लाइटों का हुआ लोकार्पण, निंदूरा क्रासिंग से मलंग की तकिया मोड़ तक चमका तीन किमी का दायरा
PRAYAGRAJ NEWS: नगर पंचायत के जेठवारा मार्ग पर राहगीरों को अब अंधेरे से निजात मिल गई है। पुलिस बूथ तिराहा से टाउन एरिया की सीमा निंदूरा नहर (मलंग की तकिया मोड़) तक दोनों पटरियों पर एलईडी स्ट्रीट लाइटें लगाई गई हैं। सोमवार को निंदूरा रेलवे क्रासिंग से मलंग की तकिया मोड़ तक भव्य लोकार्पण किया गया। स्ट्रीट लाइट शुरू होने से लगभग तीन किलोमीटर का मार्ग रात के समय दूधिया रोशनी में नहा उठा। बतौर मुख्य अतिथि नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि मुख्तार अहमद ने परियोजना का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने ने कहा कि शहर की हर गली और प्रमुख मार्ग को रोशन करना हमारी प्राथमिकता है। जेठवारा मार्ग पर प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त होने से न केवल राहगीरों को सहूलियत होगी, बल्कि रात्रि के समय सुरक्षा का माहौल भी बेहतर बनेगा। कहा कि यह कार्य नगर विकास विभाग की ओर से स्वीकृत आदर्श नगर योजना के तहत संपन्न कराया गया है। यहां वार्ड एडवोकेट मोहम्मद अरशद, सभासद सुलेमान फारुकी, अमर बहादुर यादव, लिपिक कृष्ण कुमार नागर, कम्प्यूटर आपरेटर राम कैलाश यादव, जियालाल पाल, दारा यादव, इश्तियाक अहमद, मोहम्मद अख्तर, राधेश्याम पाल आदि लोग रहे।
आदर्श नगर योजना के अंतर्गत जेठवारा मार्ग पर प्रकाश व्यवस्था को सुदृढ़ किया गया है। गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखते हुए आधुनिक एलईडी लाइटें चालू कर दी गई हैं। आगे भी नगर की अन्य प्रमुख सड़कों पर इसी प्रकार विकास कार्य कराए जाएंगे:पद्मजा मिश्रा, अधिशासी अधिकारी,
नपं लालगोपालगंज








