AMETHI/MUNSHIGANJ NEWS: क्षेत्र के सरायखेमा गांव स्थित प्राचीन महावीरन धाम में रविवार को अक्षय तृतीया के अवसर पर भगवान परशुराम का जन्मोत्सव श्रद्धा व उत्साह के साथ मनाया गया। सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रतिमा पर पुष्प व माल्यार्पण कर आशीर्वाद लिया। इस दौरान पूजा-पाठ, हवन-यज्ञ व आरती का आयोजन हुआ। भाजपा नेता संजीव कुमार मिश्र ने कहा कि भगवान परशुराम सत्य, धर्म व न्याय के प्रतीक हैं और उनका जीवन शस्त्र व शास्त्र दोनों में निपुणता का संदेश देता है। कार्यक्रम में भजन-कीर्तन के साथ श्रद्धालुओं ने उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया। अनुष्ठान के बाद प्रसाद वितरण किया गया तथा राहगीरों को शर्बत पिलाया गया। इस मौके पर बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।







