FATEHPUR NEWS: आजादी के अमृत महोत्सव की भावना और राष्ट्रभक्ति के संदेश के साथ मंगलवार को धाता में भाजपा कार्यकर्ताओं ने तिरंगा मोटरसाइकिल यात्रा निकाली। मंडल अध्यक्ष रामनरायन शुक्ल और डिग्री कॉलेज प्रबंधक विवेक सिंह की अगुवाई में आयोजित यात्रा का शुभारंभ राज्य मंत्री कृष्णा पासवान ने किया। यात्रा खागा रोड बाईपास स्थित गेस्ट हाउस से शुरू हुई। राज्य मंत्री कृष्णा पासवान स्वयं मोटरसाइकिल पर तिरंगा लेकर कार्यकर्ताओं के काफिले के साथ रवाना हुए। डीजे पर बज रहे देशभक्ति गीतों और कार्यकर्ताओं के नारों से पूरा वातावरण राष्ट्रभक्ति से सराबोर हो गया। मोटरसाइकिलों पर तिरंगा लगाकर कार्यकर्ता ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के नारे लगाते हुए रमपुरवा रोड स्थित महाविद्यालय पहुंचे। महाविद्यालय परिसर में तिरंगा यात्रा का समापन किया गया। इस दौरान राज्य मंत्री कृष्णा पासवान ने कहा कि तिरंगा देश के गौरव, सम्मान और एकता का प्रतीक है। उन्होंने लोगों से देश की एकता, अखंडता और विकास के लिए मिलकर कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक को देशहित को सर्वोपरि रखते हुए अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करना चाहिए। यात्रा में विवेक सिंह, दीनबंधु पटेल, जितेंद्र सिंह, उत्कर्ष जायसवाल, रजनीश त्रिपाठी, भानु प्रताप, शरवानी, हिमांशु त्रिपाठी सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय लोग शामिल रहे।







