MIRZAPUR NEWS: (सुनील कुमार गुप्ता) केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष एवं सोनभद्र-मिर्जापुर के जिला प्रभारी सुनील कुमार पांडे एडवोकेट ने इसे छात्रों के संघर्ष, लोकतंत्र और संविधान की जीत बताया। सुनील कुमार पांडे ने कहा कि दिल्ली के जंतर-मंतर से शुरू हुए देशव्यापी आंदोलन में NEET परीक्षा में पेपर लीक, शिक्षा व्यवस्था में सुधार तथा जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग उठाई गई थी। छात्रों के लंबे आंदोलन और जनदबाव के बाद केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने इस्तीफा दिया, जिसे लोकतांत्रिक संघर्ष की सफलता के रूप में देखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि छात्रों और युवाओं ने शांतिपूर्ण तरीके से अपनी आवाज बुलंद की। आंदोलन के दौरान हुई कार्रवाई का देशभर के छात्र-युवाओं ने विरोध किया। उन्होंने जंतर-मंतर के आंदोलन में पुलिस द्वारा दर्ज सभी FIR समाप्त करने एवं परीक्षा लीक के कारण जान गंवाने वाले छात्रों के परिजनों को एक करोड़ रुपये का मुआवजा देने की मांग की।







