BALRAMPUR NEWS: कमाल खान(ब्यूरो प्रमुख) भारतीय किसान यूनियन (भानू) ने पचपेड़वा नगर में धरना प्रदर्शन और चक्का जाम की चेतावनी दी है। यह प्रदर्शन 27 नवंबर को पचपेड़वा के नई बाजार चौराहे पर होगा, जिससे एन०एच 730 बौद्ध परिपथ जाम हो सकता है। यूनियन के कार्यकर्ताओं ने नगर पंचायत पचपेड़वा में सड़क निर्माण कार्य में ठेकेदार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि ठेकेदार ने इंफ्रामेंट्री बोर्ड नहीं लगाया, मानक पत्र नहीं दिखाया और सड़क निर्माण में घटिया सामग्री का उपयोग किया है।
इसके अतिरिक्त, पुराने नाले पर ही नए नाले का निर्माण करने का भी आरोप है, जिसे किसान यूनियन मानक विहीन बता रहा है। इन अनियमितताओं के विरोध में यह प्रदर्शन आयोजित किया जा रहा है।
भारतीय किसान यूनियन (भानू) के तहसील उपाध्यक्ष आलम खान के नेतृत्व में यह चेतावनी पचपेड़वा नगर के अधिशाषी अधिकारी (ईओ) अवनीश सिंह को दी गई है। यूनियन ने कहा है कि इस प्रदर्शन से उत्पन्न होने वाली किसी भी स्थिति की संपूर्ण जिम्मेदारी और जवाबदेही अधिशाषी अधिकारी अवनीश सिंह की होगी।







