Home उत्तर प्रदेश दो बाइकों की टक्कर में मजदूर की हुई मौत, परिजनों में मचा...

दो बाइकों की टक्कर में मजदूर की हुई मौत, परिजनों में मचा कोहराम उपचार हेतु प्रयागराज ले जाते समय रास्ते में घायल ने तोड़ा दम

8
0

कोरांव प्रयागराज। कोरांव थाना क्षेत्र के पांडेय का मड़हा सिकरो गांव में शुक्रवार दोपहर एक सड़क हादसे में एक मजदूर की मौत हो गई। यह घटना कोरांव-नारीबारी मुख्य मार्ग पर दो बाइकों की टक्कर से हुई। सूचना मिलने पर कोरांव थाना प्रभारी राकेश कुमार वर्मा दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और क्षतिग्रस्त बाइकों को कब्जे में ले लिया।
जानकारी के अनुसार, सिकरो थाना कोरांव निवासी राम लल्लू (40) पुत्र शिवलाल शुक्रवार दोपहर करीब 1 बजे मजदूरी कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान कोरांव के डिहिया नथऊपुर निवासी समीर पुत्र अमृत लाल की बाइक से उनकी आमने-सामने टक्कर हो गई। इस हादसे में दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों को तत्काल 108 एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कोरांव ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। हालांकि, प्रयागराज ले जाते समय शाम करीब 4 बजे रास्ते में राम लल्लू ने दम तोड़ दिया। सीएचसी कोरांव के चिकित्साधिकारी डॉ. राजेश ने बताया कि राम लल्लू के पैर और सिर में गंभीर चोटें थीं, जिसके कारण उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया था। मृतक राम लल्लू अपने दो भाइयों में छोटे थे। उनके परिवार में पत्नी जनकलली के अलावा तीन पुत्रियां और दो पुत्र हैं।