Home उत्तर प्रदेश दो बाइकों की टक्कर में एक की मौत, चार हुए घायल

दो बाइकों की टक्कर में एक की मौत, चार हुए घायल

रत्योरा करपिया गांव में हुआ हादसा, घायलों को जिला अस्पताल किया गया रेफर
PRAYAGRAJ NEWS:  कोरांव थाना क्षेत्र के रत्योरा करपिया गांव में सोमवार दोपहर दो बाइकों की टक्कर हो गई। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। मृतक की पहचान भगेसर लहवा, कोरांव निवासी इंदल (45) पुत्र बेनी माधव के रूप में हुई है। इंदल अपनी बेटी पूजा और नातिन जाह्नवी को बाइक पर बैठाकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोरांव जा रहे थे। वे जाह्नवी को कुत्ते के काटने का टीका लगवाने के लिए ले जा रहे थे। रत्योरा करपिया गांव पहुंचते ही उनकी बाइक विपरीत दिशा से आ रही एक अन्य बाइक से टकरा गई। दूसरी बाइक पर उत्तम मिश्रा पुत्र मिठाई लाल मिश्र और कार्तिक मिश्र सवार थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि इंदल की मौके पर ही मौत हो गई। उनकी बेटी पूजा और नातिन जाह्नवी भी घायल हो गईं। दूसरी बाइक पर सवार उत्तम मिश्रा भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जबकि कार्तिक मिश्रा को भी चोटें आई हैं। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोरांव ले गई। वहां चिकित्सकों ने इंदल को मृत घोषित कर दिया। पूजा और उत्तम मिश्रा की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। कोरांव थाना प्रभारी राकेश कुमार वर्मा ने बताया कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। गंभीर रूप से घायल हुए लोगों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।