Home उत्तर प्रदेश देश में ऊर्जा संकट के लिए मोदी सरकार की विदेश नीति में...

देश में ऊर्जा संकट के लिए मोदी सरकार की विदेश नीति में भटकाव अहम कारण- प्रमोद तिवारी

राज्यसभा में विपक्ष के उपनेता ने पत्रकार वार्ता में असमय बारिश व तूफान के कारण फसल नुकसान पर मुआवजे पर दिया जोर

PRATAPGARH NEWS:  राज्यसभा में विपक्ष के उपनेता प्रमोद तिवारी ने देश में उत्पन्न ऊर्जा संकट के लिए केन्द्र की मोदी सरकार की विदेश नीति में भटकाव को जिम्मेदार करार दिया है। उन्होने कहा है कि मोदी सरकार की गलत विदेश नीति और पटरी से उतरी आर्थिक नीति के कारण देश की प्रतिष्ठा हर मोर्चे पर धूमिल हो रही है। सांसद प्रमोद तिवारी ने कहा कि भारत एलपीजी गैस की जरूरतों का लगभग साठ प्रतिशत से अधिक एक बड़ा हिस्सा अरब देशों से और होर्मुज जलडमरू के रास्ते से आयात किया करता है। बतौर उदाहरण उन्होने कहा कि सउदी अरब, कतर, संयुक्त अरब अमीरात और कुवैत से देश के भीतर हर साल लाखों टन एलपीजी गैस आया करती है। सांसद प्रमोद तिवारी ने कहा कि खाड़ी देशों से भारत की नब्बे प्रतिशत से अधिक गैस की आपूर्ति सुनिश्चित होती रही है। सांसद प्रमोद तिवारी ने कहा कि इस घरेलू आवश्यकता को देखते हुए तत्कालीन प्रधानमंत्री पं0 नेहरू, इन्दिरा गांधी व अटल बिहारी वाजपेयी व डॉ0 मनमोहन सिंह ने ईरान-ईराक और खाड़ी देशों से बेहतर सम्बन्ध बनाए रखे थे। उन्होने कहा कि मौजूदा मोदी सरकार अमेरिकी दबाव में राष्ट्रीय हितों से जुड़े अर्न्तराष्ट्रीय मसलों पर भी चुप्पी साधे हुए है। सोमवार को नगर के शैल श्याम पैलेस में हुए पत्रकार सम्मेलन में राज्यसभा में विपक्ष के उपनेता प्रमोद तिवारी ने कहा कि सरकार ने अभी पिछले एक माह पूर्व साठ रूपये प्रति सिलेण्डर एलपीजी गैस के दाम बढ़ाए थे। उन्होने कहा कि पिछले तीन माह में कामर्शियल सिलेण्डर का पांच सौ पचीस रूपये मंहगा होना चिन्ताजनक है। उन्होने सरकार के कुप्रबन्धन का जिक्र करते हुए कहा कि पहली जनवरी को देश में प्रति सिलेण्डर गैस एक सौ ग्यारह रूपये, पहली फरवरी को पचास रूपये और पहली मार्च को इक्तीस रूपये तथा सात मार्च को एक सौ पन्द्रह रूपये और पहली अप्रैल को दो सौ अठारह रूपये मंहगा हुआ है। वहीं कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने मोदी सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि वर्ष 2014 में पेट्रोल पर एक्साइज ड्यूटी 9.48 थी। सांसद प्रमोद तिवारी ने बताया कि इसे बढ़ाकर वर्ष 2020 में 32.98 किया गया। डीजल पर भी वर्ष 2014 मंे एक्साइज ड्यूटी 3.56 के मुकाबले वर्ष 2020 में 31.83 की वृद्धि का भी सांसद प्रमोद तिवारी ने जिक्र करते हुए कहा कि इससे लगभग अठठाईस करोड़ रूपये की कमाई की गयी। उन्होने कहा कि इसका लाभ उपभोक्ताओं को न मिलकर सरकार व तेल कंपनियों को हुआ। सांसद प्रमोद तिवारी ने इस लाभ के दायरे में अडानी और अंबानी की कंपनियों तथा सेल पेट्रोल पम्प को सरकार के द्वारा जानबूझ कर लाभ पहुंचाए जाने को मोदी सरकार के कार्यकाल में हुए घोटालों में इसे एक और बड़ा घोटाला भी करार दिया। प्रेसवार्ता के दौरान सांसद प्रमोद तिवारी ने प्रधानमंत्री मोदी की भी तगड़ी घेराबंदी करते हुए कहा कि पीएम अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड टंªप से भय के चलते अमेरिकीपरस्त नीति अख्तियार कर रहे हैं। उन्होने कहा कि इसके कारण खाड़ी देशों का हमसे विमुख हो जाना ऊर्जा संकट का अहम कारण है। उन्होने कहा कि इस भयावह संकट के बावजूद मोदी सरकार संसद के अंदर भी बेशर्मी के साथ दावा कर रही है कि पूरे देश में गैस एवं तेल की नियमित आपूर्ति की जा रही है। उन्होने कहा कि गैस एजेन्सियों और पेट्रोल पम्पों पर लगने वाली लम्बी लाईनों के लिए भी पीएम मोदी का इस संकट को लेकर कोरोना जैसी समस्या से जोड़ना भी एक अहम कारण बनकर उभरा है। वार्ता के दौरान उन्होने दावा जताते हुए कहा कि पिछले पांच वर्षो में पीएम मोदी के तीन-चार मित्रों ने लगभग अटठाईस करोड़ रूपये का शुद्ध मुनाफा पुराना घाटा पूरा करने के बाद कमाया है। वार्ता के दौरान कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने कहा कि मोदी सरकार द्वारा केरोसिन तेल वितरण को लेकर भी जनपद के दो पेट्रोल पम्पों को चयनित करने के बेतुके फैसले की तीखी आलोचना की। उन्होने कहा कि जिले के चिन्हित दो पेट्रोल पम्पों से ही केरोसिन तेल बेंचा जाएगा तो जनता को काफी दूर स्थित पेट्रोल पम्प पर जाना पड़ेगा। वहीं उन्होने कहा कि इससे पेट्रोल पम्पों पर मिलावट खोरी भी बढ़ेगी। उन्होने सरकार से कहा कि वह केरोसिन तेल को पूर्व की व्यवस्था की भांति गांवों के सरकारी खाद्यान्न की दुकानों से ही वितरित कराना सुनिश्चित करे। प्रेसवार्ता में सांसद प्रमोद तिवारी ने हाल ही में प्रतापगढ़ जिले सहित प्रदेश के अधिकांश हिस्सो ंमे असमय बारिश और तूफान के चलते गेहूं की फसल के नुकसान को भी चिंताजनक ठहराया है। उन्होने कहा कि तैयार फसल को व्यापक क्षति पहुंची है। वहीं उन्होने फसल नुकसान पर सरकार के द्वारा मुआवजे के ऐलान को भी कटघरे में खड़ा करते हुए कहा कि धरातल पर किसानों को मुआवजा नही मिल पा रहा है। उन्होने कहा कि सरकार को फौरन फसल नुकसान का आकलन कराकर किसानों को प्रति एकड़ के हिसाब से क्षति के अनुरूप मुआवजा प्रदान करना चाहिए। उन्होने प्रदेश तथा देश में मौजूदा सरकार के समय लगभग हर विभाग में भ्रष्टाचार के बढ़ावा का भी तीखा हमला बोला। उन्होने कहा कि रिश्वतखोरी का रेट सरकारी विभागों में तीन से चार गुना बढ़ गया है। वहीं जनप्रतिनिधियों की भी भाजपा राज में जमकर उपेक्षा हो रही है। पश्चिम बंगाल, असम, तमिलनाडु, केरल और पाण्डुचेरी में हो रहे विधानसभा चुनावों के बाबत सांसद प्रमोद तिवारी ने कहा कि यहां केन्द्रीय चुनाव आयोग का भाजपा के फ्रंटल संगठन के रूप में भूमिका अदा करना लोकतंत्र के लिए कतई शुभलक्षण नही है। उन्होने दावे भरे अंदाज में कहा कि भाजपा ने इन पांच राज्यों में अभी से ही अपनी हार मानते हुए मैदान छोड़ दिया है। वहीं कांग्रेस के वरिष्ठ सांसद प्रमोद तिवारी ने यूपी में भी 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर बेबाक कहा कि भ्रष्टाचार और कुप्रबन्धन तथा विफलताओं पर विफलताओं के चलते यूपी में भी भाजपा की सरकार का सफाया होना तय है। वार्ता के दौरान पं0 श्याम किशोर शुक्ल, जिला कांग्रेस अध्यक्ष डॉ0 नीरज त्रिपाठी, नगर अध्यक्ष मो0 इस्तियाक, मीडिया प्रभारी ज्ञानप्रकाश शुक्ल, डॉ0 प्रशान्तदेव शुक्ल, सेवादल अध्यक्ष महेन्द्र शुक्ला आदि रहे। इसके पहले कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर संगठनात्मक गतिविधियों को भी तेज बनाए रखने कोे कहा। यहां जिला कांग्रेस अध्यक्ष डॉ0 नीरज त्रिपाठी व पं0 श्याम किशोर शुक्ल की अगुवाई में कार्यकर्ताओं द्वारा सांसद प्रमोद तिवारी का माल्यार्पण का भव्य स्वागत भी किया गया।