Home उत्तर प्रदेश दुर्गा भाभी सेतु पर स्कूटी, चप्पल व मोबाइल मिलने से सनसनी, युवक...

दुर्गा भाभी सेतु पर स्कूटी, चप्पल व मोबाइल मिलने से सनसनी, युवक लापता

KAUSHAMBI NEWS: शहजादपुर स्थित दुर्गा भाभी सेतु (करेंटी घाट) पर मंगलवार सुबह लावारिस स्कूटी, चप्पल और बिना बैटरी व सिम का कीपैड मोबाइल मिलने से सनसनी फैल गई। सोशल मीडिया पर स्कूटी का नंबर वायरल होने के बाद उसकी पहचान चाकवन निवासी 37 वर्षीय नदीम पुत्र नसीम अहमद के रूप में हुई, जो सोमवार शाम से लापता है। सूचना मिलने पर स्वजन मानिकपुर थाना पहुंचे और प्रार्थना पत्र देकर युवक की तलाश की मांग की। बताया गया कि नदीम मूल रूप से भरवारी के खल्लाबाद का रहने वाला है। वह चाकवन में किराये के मकान में पत्नी नाजिया बेगम, पुत्री गुड़िया (12), पुत्र मोहम्मद वलीद (8) और पुत्र मोहम्मद अदनान (3) के साथ रहता था तथा इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकान चलाता था। सोमवार शाम करीब साढ़े सात बजे दुकान बंद कर घर वालों से चौराहे की ओर जाने की बात कहकर निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। मंगलवार सुबह करेंटी घाट स्थित दुर्गा भाभी सेतु पर उसकी स्कूटी, चप्पल और मोबाइल मिलने से तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। कुछ लोग गंगा में छलांग लगाने की आशंका जता रहे हैं, जबकि कुछ अपहरण की संभावना भी व्यक्त कर रहे हैं। हालांकि पुलिस ने किसी भी संभावना की पुष्टि नहीं की है। सूचना पर मानिकपुर थाना पुलिस सुबह करीब 11 बजे मौके पर पहुंची और स्कूटी समेत अन्य सामान को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।