MIRZAPUR NEWS: मंगलवार को दीपनगर चौराहा मंडल मड़िहान, विधानसभा मड़िहान में पूर्व मंत्री एवं मड़िहान विधायक रमाशंकर सिंह पटेल ने क्षेत्रीय भ्रमण के दौरान स्थानीय नागरिकों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान क्षेत्रवासियों ने विधायक को अवगत कराया कि जल निगम द्वारा स्थापित सबमर्सिबल पंप खराब हो जाने के कारण पेयजल आपूर्ति बाधित हो गई है, जिससे आसपास के लोगों को शुद्ध पेयजल प्राप्त करने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। विशेष रूप से भीषण गर्मी के मौसम में पानी की समस्या ने आमजन की परेशानी बढ़ा दी है। जनसमस्या को गंभीरता से लेते हुए विधायक रमाशंकर सिंह पटेल ने मौके पर ही संबंधित अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की तथा तत्काल जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार से दूरभाष पर वार्ता कर समस्या के शीघ्र समाधान की मांग की। विधायक ने कहा कि पेयजल जैसी मूलभूत सुविधा में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जा सकती। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि खराब सबमर्सिबल पंप की मरम्मत अथवा आवश्यकतानुसार उसके प्रतिस्थापन की कार्रवाई तत्काल सुनिश्चित की जाए, ताकि आम जनता को जल्द से जल्द राहत मिल सके। उन्होंने क्षेत्रवासियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि एक दिन के भीतर समस्या के समाधान के लिए प्रभावी कार्रवाई कराई जाएगी तथा लोगों को निर्बाध पेयजल उपलब्ध कराने हेतु हर संभव प्रयास किया जाएगा। इस अवसर पर स्थानीय नागरिकों एवं क्षेत्रीय कार्यकर्ताओं ने विधायक के समक्ष अपनी अन्य समस्याएं भी रखीं, जिनके समाधान के लिए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। विधायक के त्वरित हस्तक्षेप से क्षेत्रवासियों ने संतोष व्यक्त करते हुए उनके प्रति आभार प्रकट किया।







