JAUNPUR NEWS: जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में दिव्यांग मतदाता जागरूकता हेतु गठित समिति की बैठक संपन्न हुई। बैठक में दिव्यांग मतदाताओं की मतदान केंद्रवार मैपिंग, अद्यतन डाटा संधारण तथा उन्हें मतदाता सूची से जोड़ने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में बताया गया कि जिन दिव्यांग मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में दर्ज है, लेकिन ईआरओ नेट पर टैगिंग नहीं हुई है, उनकी शीघ्र टैगिंग कराई जाएगी। वहीं जिन दिव्यांगजनों का नाम अभी मतदाता सूची में शामिल नहीं है, उन्हें चिन्हित कर फॉर्म-6 भरवाते हुए सूची में सम्मिलित कराने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी दिव्या शुक्ला को निर्देशित किया कि दिव्यांग पेंशन के ऐसे लाभार्थी जिनका नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, उन्हें चिन्हित कर उनका नाम मतदाता सूची में दर्ज कराया जाए। साथ ही जिन दिव्यांग मतदाताओं की ईआरओ नेट पर टैगिंग नहीं हुई है, उसे संबंधित ईआरओ/एईआरओ से समन्वय कर सुनिश्चित किया जाए। बैठक में दिव्यांगजनों के लिए सक्षम और बाधा-मुक्त वातावरण उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया। इसमें सुलभ मतदान केंद्रों की व्यवस्था, सुलभ मतदाता जागरूकता अभियान तथा जिला स्तर पर स्वीप कार्यक्रम के माध्यम से विशेष सुविधाओं की जानकारी विभिन्न माध्यमों से पहुंचाने पर चर्चा हुई। उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने जानकारी दी कि वर्तमान में मतदाता सूची में शामिल कुल मतदाताओं में 0.88 प्रतिशत दिव्यांग मतदाता हैं। बैठक में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे। इनमें सपा जिलाध्यक्ष राकेश मौर्य, बसपा जिलाध्यक्ष संग्राम भारती, कांग्रेस उपाध्यक्ष राकेश सिंह ‘डब्बू’, भाजपा से सुदर्शन सिंह व स्कंद पटेल, सीपीआईएम से किरण शंकर रघुवंशी, अपना दल (एस) से लाल बहादुर पटेल, आम आदमी पार्टी से सुभाष चंद्र गौतम सहित अन्य प्रतिनिधिगण शामिल रहे। इसके अतिरिक्त उप जिला निर्वाचन अधिकारी परमानंद झा, जिला विद्यालय निरीक्षक राकेश कुमार, स्वीप कोऑर्डिनेटर मोहम्मद मुस्तफा, जेसीआई चेतना से सरला माहेश्वरी व अंशिका, लायंस क्लब से संजीव साहू व डॉ. सूरज जायसवाल, रोटरी क्लब से विवेक सेठी तथा रचना विशेष विद्यालय से डॉ. संतोष कुमार सिंह सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।







