क्षेत्राधिकारी पवीन प्रकाश ने मौके पर पहुंचकर की गहन छानबीन, पुलिस और ग्रामीणों के लिए चुनौती बनी घटनाएं
SIDHARTHNAGAR NEWS: जिले में बुधवार को दो अलग अलग थाना क्षेत्रों में दिनदहाड़े चोरों ने घरों को निशाना बनाया। एक ओर शोहरतगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत गजहड़ा में चोरों ने रसायन का सहारा लेकर वारदात को अंजाम दिया, तो दूसरी ओर ढेबरुआ थाना क्षेत्र के मानपुर में भूसे में छुपाए गहनों पर हाथ साफ करने का मामला प्रकाश में आया है। दोनों घटनाओं ने लोगों में चिंता बढ़ा दी है।
गजहड़ा गांव में दोपहर लगभग 12 बजे चोर सनाउल्लाह पुत्र मुस्तफा के घर में घुस गए। घर पर उस समय केवल उनकी बेटी अकेली थी। परिजनों का आरोप है कि चोरों ने लड़की को कोई रासायनिक पदार्थ सुंघाकर बेहोश कर दिया और फिर कुछ गहनों को लेकर फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे।
उधर मानपुर गांव में सुबह करीब 11 बजे चोरों ने दूबे चौरसिया पुत्र राम प्यारे के घर को निशाना बनाया। उस वक्त दुबे चौरसिया बीमार हालत में गैलरी में सो रहे थे और बाकी परिवार बाहर खेत में काम करने और बच्चे स्कूल गए हुए थे । चोर पीछे से घर में घुसे, और कमरे का ताला तोड़ कर कमरे में रखे बक्से,ट्रंक सहित पूरे कमरे को खंगाल डाला। यहां तक कि चावल की बोरी तक पलटी गई। आखिरकार दूसरे कमरे में जानवरों के लिए रखे भूसे में छुपाए गए गहनों तक चोरों की नजर पहुंची और वे उन्हें लेकर फरार हो गए, ऐसा दूबे चौरसिया के परिजनों ने बताया, बहर हाल मामला जो भी हो यह पुलिस जॉच के बाद ही पता चल सकेगा।
दोनों घटनाओं की सूचना पर पुलिस तत्काल सक्रिय हुई। मानपुर की घटना में क्षेत्राधिकारी शोहरतगढ़ पवीन प्रकाश खुद ढेबरुआ थानाध्यक्ष नारायन लाल श्रीवास्तव के साथ मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार से विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने छानबीन कर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। गौरतलब है कि पुलिस लगातार गश्त कर रही है और ग्रामीण भी रातभर जगकर पहरेदारी कर रहे हैं। इसके बावजूद चोर चालाकी से दिनदहाड़े वारदातों को अंजाम देकर बच निकल रहे हैं। ग्रामीणों में यह चर्चा है कि चोरों को घर-घर की अंदरूनी जानकारी कहां से मिल रही है।
क्षेत्राधिकारी पवीन प्रकाश ने कहा कि दोनों घटनाओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस की टीमें हर एंगल से छानबीन कर रही हैं। संदिग्ध व्यक्तियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। गांव के लोग भी सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना पुलिस को दें। सामूहिक प्रयास से ही अपराधियों पर अंकुश लगाया जा सकेगा।







