JAUNPUR NEWS: मड़ियाहूं तहसील क्षेत्र के अहमदपुर गांव से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां एक ही परिवार की दादी और पोती की सांप के काटने से मौत हो गई। यह हादसा देर रात उस समय हुआ जब दोनों घर में सो रही थीं। अचानक ज़हरीले सांप ने दोनों को डंस लिया। परिजनों ने बचाने की हरसंभव कोशिश की, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी और दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना की खबर फैलते ही पूरे गांव में कोहराम मच गया। शोकाकुल परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले पर मड़ियाहूं एसडीएम सुनील भारती ने बताया कि दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। साथ ही शासन की ओर से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।







