SIDHARTHNAGAR NEWS: शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक माह के द्वितीय एवं चतुर्थ शनिवार को आयोजित होने वाला संपूर्ण थाना समाधान दिवस 27 सितंबर 2025 को थाना सिद्धार्थनगर में जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर. की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। इस दौरान जिलाधिकारी ने शिकायतकर्ताओं की समस्याएं सुनीं। प्रस्तुत अधिकतर प्रकरण भूमि विवाद, वरासत और नाली से संबंधित थे। जिलाधिकारी ने समस्त राजस्व निरीक्षकों को निर्देश दिया कि वरासत, बंटवारा और भूमि विवादों के सभी मामलों का मौके पर जाकर सही ढंग से निस्तारण कराएं, और किसी भी शिकायतकर्ता को अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए। उन्होंने राजस्व निरीक्षकों को आज और कल (शनिवार और रविवार) विशेष अभियान चलाकर नाली विवाद, चकमार्ग विवाद, जमीन बंटवारा और अवैध कब्जा/पट्टा प्रकरणों को ग्रामवासियों का बयान लेकर निपटाने की कार्यवाही सुनिश्चित करने का आदेश दिया। डीएम ने स्पष्ट किया कि आवश्यकता पड़ने पर पुलिस बल के साथ मौके पर जाएं और अधिकतम प्रकरणों का निस्तारण कराकर ही वापस लौटें; किसी भी मामले को कदापि लंबित न रखा जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि यदि कोई व्यक्ति सार्वजनिक मार्ग पर अवैध रूप से कब्जा करता है, तो उसके विरुद्ध हल्का लेखपाल तत्काल मुकदमा दर्ज कराए। जिलाधिकारी ने शिकायतकर्ताओं से आपसी सौहार्द बनाए रखने और लड़ाई-झगड़ा न करने की अपील भी की। इस दौरान तहसीलदार नौगढ़, थानाध्यक्ष सिद्धार्थनगर, राजस्व निरीक्षक और अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।







