FATEHPUR NEWS: जनपद के थाना खखरेरू में पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने शनिवार को औचक निरीक्षण कर पुलिस व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने थाने की साफ-सफाई, अभिलेखों के रख-रखाव, लंबित विवेचनाओं की स्थिति तथा पुलिस कर्मियों की कार्यप्रणाली की विस्तार से समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान एसपी ने थाने में रखे विभिन्न रजिस्टरों, अपराध अभिलेखों एवं लंबित प्रकरणों की बारीकी से जांच की। उन्होंने पाया कि कुछ मामलों में विवेचना लंबित है, जिस पर उन्होंने संबंधित विवेचकों को फटकार लगाते हुए सभी लंबित मामलों का शीघ्र एवं गुणवत्ता पूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी मामले में अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। एसपी ने मालखाना, हवालात, कार्यालय कक्ष तथा परिसर का भी निरीक्षण किया और साफ-सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने अभिलेखों के सुव्यवस्थित रख-रखाव पर जोर देते हुए कहा कि सभी रिकॉर्ड अपडेट और पारदर्शी तरीके से संधारित किए जाएं, जिससे जरूरत पड़ने पर तुरंत जानकारी उपलब्ध हो सके। इस दौरान उन्होंने पुलिस कर्मियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि थाने पर आने वाले फरियादियों के साथ विनम्र, संवेदनशील और सहयोगपूर्ण व्यवहार किया जाए। उन्होंने कहा कि पुलिस की छवि आमजन के व्यवहार से ही बनती है, इसलिए प्रत्येक शिकायतकर्ता की समस्या को गंभीरता से सुनकर उसका त्वरित एवं निष्पक्ष समाधान सुनिश्चित किया जाए। कानून-व्यवस्था के दृष्टिगत एसपी ने क्षेत्र में सतर्कता बढ़ाने, संदिग्ध व्यक्तियों की नियमित चेकिंग करने और रात्रि गश्त को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अपराधों की रोकथाम के लिए पुलिस को सक्रिय और सतर्क रहना होगा। निरीक्षण के अंत में एसपी ने स्पष्ट किया कि यदि किसी भी स्तर पर लापरवाही पाई जाती है तो संबंधित अधिकारी या कर्मचारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि जनता की सुरक्षा और विश्वास बनाए रखना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है, जिसमें किसी प्रकार की ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी।







