प्रयागराज। राज्य निधि योजनान्तर्गत दिव्यांगजनों के हितार्थ श्री कामता प्रसाद सेवार्थ ट्रस्ट, प्रयागराज द्वारा उत्तर मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केन्द्र, प्रयागराज में 17 से 19 सितम्बर 2025 तक आयोजित त्रिदिवसीय राज्य स्तरीय दिव्यांग कौशल प्रदर्शनी एवं कार्यशाला का आज सफलतापूर्वक समापन हुआ। समापन अवसर पर माननीय सांसद फूलपुर प्रवीण कुमार पटेल एवं माननीय महापौर नगर निगम प्रयागराज गणेश केसरवानी ने विभागीय विद्यालयों, संस्थाओं एवं स्वैच्छिक संस्थाओं द्वारा लगाए गए स्टालों का अवलोकन किया। प्रदर्शनी में दिव्यांगजन व बच्चों द्वारा किए गए आविष्कार, उत्पाद, चित्रकला, पोस्टर, विशिष्ट सामग्रियां, प्रस्तुत व्याख्यान तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की सभी अतिथियों ने सराहना की। इस दौरान 10 एम०आर० किट दिव्यांग बच्चों को वितरित की गई।
प्रदर्शनी में प्रथम विजेता के रूप में आंगनवाड़ी केन्द्र, महिला कल्याण विभाग को गोद भराई कार्यक्रम हेतु, जगदगुरु रामभद्राचार्य विश्वविद्यालय, चित्रकूट को आर्ट गैलरी हेतु तथा उ.प्र. मूक-बधिर विद्यालय, प्रयागराज को सांस्कृतिक कार्यक्रम हेतु चयनित किया गया। इसके अतिरिक्त प्रदर्शनी में कार्यरत सभी कार्मिकों को अच्छे एवं सराहनीय कार्य हेतु प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।
अंत में अश्वनी कुमार पटेल, प्रबंधक, कामता प्रसाद सेवार्थ ट्रस्ट, प्रयागराज ने स्वतंत्र देव सिंह, माननीय मंत्री जल शक्ति विभाग, नरेन्द्र कश्यप, माननीय मंत्री पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग, प्रवीण कुमार पटेल, माननीय सांसद फूलपुर, गणेश केसरवानी, माननीय महापौर नगर निगम प्रयागराज, गुरु प्रसाद मौर्य, विधायक फूलपुर, प्रयागराज, अभय कुमार श्रीवास्तव, उपनिदेशक दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग प्रयागराज मंडल प्रयागराज, अशोक कुमार गौतम, जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी प्रयागराज सहित सभी जनप्रतिनिधियों, सम्मानित आगंतुकों एवं दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग के अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए त्रिदिवसीय दिव्यांग कौशल प्रदर्शनी की समाप्ति की घोषणा की।







