PRATAPGARH NEWS: पूर्ति निरीक्षक के ब्लाक में चौथी बार हुई तैनाती को लेकर बुधवार को कोटेदार संघ ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया। पूर्ति निरीक्षक का स्थानांतरण निरस्त न होने पर विरोध प्रदर्शन तेज करने की चेतवानी भी दी है। विकासखण्ड सांगीपुर एवं रामपुर संग्रामगढ़ के कोटेदार बड़ी संख्या में बुधवार को लालगंज ब्लाक मुख्यालय पहुंचे। यहां जुटे कोटेदारों ने पूर्ति निरीक्षक देवी प्रसाद तिवारी की चौथी बार हुई तैनाती को लेकर विरोध प्रदर्शन करने लगे। कोटेदारों ने पूर्ति निरीक्षक पर उत्पीड़न का भी आरोप मढ़ा है। कोटेदार संघ के महेन्द्र प्रताप, बृजेश कुमार, रामसजीवन कोरी, कालिका प्रसाद, सुरेश सिंह, पारसनाथ, राजेश कुमार, धर्मराज पटेल, शिवकुमार, राधेश्याम, हीरालाल, राजेन्द्र बहादुर आदि ने जिलाधिकारी को संबोधित प्रार्थना पत्र के जरिए पूर्ति निरीक्षक की सांगीपुर व रामपुर संग्रामगढ़ ब्लाक से तैनाती निरस्त किये जाने की मांग उठाई है। पूर्ति निरीक्षक देवी प्रसाद तिवारी का कहना है कि कोटेदारों का उनके खिलाफ विरोध प्रदर्शन समझ से परे है। उत्पीडन का आरोप निराधार है। कोटेदार समन्वय स्थापित कर ईमानदारी व पारदर्शिता से कार्य करें।







