Home उत्तर प्रदेश तेलंगाना का ‘ग्राम मॉडल’ देख यूपी टीम गदगद, सिद्धार्थनगर के अधिकारियों ने...

तेलंगाना का ‘ग्राम मॉडल’ देख यूपी टीम गदगद, सिद्धार्थनगर के अधिकारियों ने सराहा

SIDHARTHNAGAR NEWS: उत्तर प्रदेश से 24 सदस्यीय टीम ने तेलंगाना राज्य का दौरा कर वहाँ की ग्राम पंचायतों के विकास मॉडल को बारीकी से समझा। इस टीम में सिद्धार्थनगर जनपद के भी कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि शामिल थे। टीम ने तेलंगाना के दूरस्थ गांवों में चल रहे विकास कार्यों और जनभागीदारी से हो रही प्रगति की सराहना की।
एक्सपोजर विजिट पर गई टीम ने देखा कि तेलंगाना की ग्राम पंचायतों में सरकारी संसाधनों का उपयोग किस तरह गांव को एक विकसित रूप देने के लिए किया जा रहा है। टीम ने विशेष रूप से उन पंचायतों को देखा जो आत्मनिर्भर हो चुकी हैं। अधिकारियों ने उनके आत्मनिर्भर होने के संघर्ष और वर्तमान में हुई प्रगति की सराहना की।
टीम ने तेलंगाना के पथरीले इलाकों में हरियाली लाने के लिए लोगों के समर्पण की भी तारीफ की। उन्होंने इसे गांधी के सपनों का भारत बनाने की दिशा में एक सफल प्रयास बताया, जहां जनभागीदारी से गांव आत्मनिर्भर बन रहे हैं।
टीम ने पाया कि तेलंगाना में सभी विभागों के एकनिष्ठ सहयोग और जनता की सामूहिक भागीदारी से ग्राम पंचायतें पुष्पित और पल्लवित हो रही हैं। गांव के लोगों का स्वच्छता के प्रति समर्पण भी अतुलनीय है, जिसे सरकारी प्रयासों से और भी मजबूती मिल रही है। अधिकारियों ने कहा कि यहां योजनाओं के बनने से लेकर उनके पूरी तरह लागू होने तक की पूरी प्रक्रिया देखने को मिली।
इस दल में सिद्धार्थनगर से डीपीएम चंद्रांशु, एडीओ पंचायत बृजेश गुप्ता, एडीओ पंचायत आशुतोष मिश्रा, ग्राम पंचायत अधिकारी अभिनव ओझा, हंसुड़ी औसानपुर के प्रधान दिलीप त्रिपाठी, सोहास खास के प्रधान श्रीस चंद यादव और पंचायत सहायक अमन यादव ने भाग लिया।