KUSHINAGAR NEWS: कसया तहसील क्षेत्र के ग्राम चकिया, शंकरपट्टखौली निवासी एवं वर्तमान में कविकुलगुरु कालिदास संस्कृत विश्वविद्यालय, रामटेक (नागपुर, महाराष्ट्र) में कुलपति पद पर कार्यरत भारतीय दर्शन के प्रख्यात विद्वान प्रो. हरेराम त्रिपाठी को देश की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मूर्मू ने तेजपुर केन्द्रीय विश्वविद्यालय, असम की सर्वोच्च परिषद (प्रबन्ध समिति) में नामित किया है। यह महत्वपूर्ण नियुक्ति भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय द्वारा की गई है। तेजपुर केन्द्रीय विश्वविद्यालय के कुलसचिव द्वारा इस संबंध में प्रोफेसर त्रिपाठी को आधिकारिक सूचना प्रदान की गई है। प्रो. त्रिपाठी ने इस गौरवमयी नियुक्ति पर महामहिम राष्ट्रपति, शिक्षा मंत्री तथा केंद्र सरकार के प्रति अपना आभार व्यक्त किया है। प्रोफेसर त्रिपाठी दर्शनशास्त्र, न्यायशास्त्र, सांख्य-योग तथा संस्कृत साहित्य के प्रख्यात विद्वान माने जाते हैं। वे पूर्व में संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय, वाराणसी के कुलपति भी रह चुके हैं तथा भारत सरकार की अनेक शैक्षणिक परियोजनाओं पर कार्य कर चुके हैं। संस्कृत और दर्शन के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए उन्हें महामहिम राष्ट्रपति द्वारा ‘वादरायण व्यास सम्मान’, उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा पाणिनि पुरस्कार शंकर पुरस्कार’, ‘नामित पुरस्कार’ और महाराष्ट्र सरकार द्वारा कई अन्य सम्मान प्राप्त हो चुके हैं। उनकी इस नियुक्ति पर फाजिलनगर और आसपास क्षेत्र में खुशी की लहर है। क्षेत्रीय विधायक सुरेंद्र कुमार कुशवाहा, पूर्व विधायक गंगा सिंह,अखिल भारतीय इतिहास संकलन योजना के राष्ट्रीय संगठन मंत्री डॉ. बालमुकुंद पांडेय, पूर्व कुलपति प्रो रजनीश शुक्ल, भाजपा के जिला उपाध्यक्ष दिवाकर मणि त्रिपाठी, एसबीएमपीजी कालेज की प्राचार्य प्रो ज्योत्सना पांडेय, राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त पूर्व प्रधानाचार्य डा. मधुसूदन मणि त्रिपाठी, जोखन प्रसाद शास्त्री, प्रो. कृष्णचंद्र चौरसिया, प्रोफेसर कृष्णमुरारी मणि त्रिपाठी, नथुनी उपाध्याय, वरिष्ठ पत्रकार गुरुदत्त उपाध्याय, चौरा खास व्यापार मंडल अध्यक्ष विकास पाण्डेय आदि ने उन्हें इस उपलब्धि पर हार्दिक बधाई दी है। गांव चकिया के अमरजीत शुक्ल ने भी कहा कि प्रो. त्रिपाठी ने गांव की प्रतिष्ठा को राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित किया है, जो पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। प्रो. हरेराम त्रिपाठी की यह नियुक्ति न केवल चकिया गांव, बल्कि समूचे कुशीनगर जनपद के लिए एक गर्व की बात है और यह आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।
Home उत्तर प्रदेश तेजपुर केन्द्रीय विश्वविद्यालय की सर्वोच्च परिषद में प्रोफेसर हरेराम त्रिपाठी नामित







