PRATAPGARH NEWS: लीलापुर थाना क्षेत्र के देवली पड़ान गांव में मंगलवार की रात बदमाशों ने चोरी की घटना अंजाम देते हुए तीस हजार रूपये नकद व सोने चांदी के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। गांव के विनय नारायण पाण्डेय पुत्र स्व0 जगदीश नारायण ने दी गई तहरीर में कहा है कि रात में बदमाशों ने घर में रखी आलमारी का लॉक तोड़कर तीस हजार नकद तथा सोने चांदी के कीमती जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। बुधवार को रात में करीब तीन बजे छत पर आवाज हुई तब आशंकित परिजन वहां पहुंचे। छत पर बक्सा आदि सामान बिखरा पड़ा था। सूचना मिलने पर डायल एक सौ बारह पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पीडित की तहरीर पर लीलापुर पुलिस जांच में जुटी हुई बतायी जाती है। प्रभारी निरीक्षक मनोज पाण्डेय का कहना है कि केस दर्ज कर घटना का शीघ्र खुलासा किया जाएगा।







