देशभक्ति के नारों से गूंज उठा काजीपुर गांव, ग्राम प्रधान ने शिक्षकों के प्रयासों की सराहना की
FATEHPUR NEWS: स्वतंत्रता दिवस के पूर्व शिक्षा खंड ऐरायां के थाना सुल्तानपुर घोष क्षेत्र के काजीपुर गांव स्थित परिषदीय प्राथमिक विद्यालय के नौनिहालों और शिक्षकों ने तिरंगा यात्रा निकालकर ग्रामीणों को हर घर तिरंगा अभियान के प्रति जागरूक किया। हाथों में तिरंगा लेकर निकले बच्चों ने देशभक्ति के नारों से पूरे गांव को गुंजायमान कर दिया। तिरंगा यात्रा के दौरान बच्चों ने ग्रामीणों से अपने-अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने तथा स्वतंत्रता दिवस को राष्ट्रभक्ति और उत्साह के साथ मनाने की अपील की। नौनिहालों के हाथों में लहराता तिरंगा और गूंजते देशभक्ति के नारों से गांव में उत्साह और राष्ट्रभक्ति का माहौल देखने को मिला। इस अवसर पर ग्राम प्रधान प्रतिनिधि मोहम्मद उमर ने प्राथमिक विद्यालय काजीपुर के प्रधानाचार्य अरिमर्दन सिंह, सहायक अध्यापक इरफान अहमद और सहायक अध्यापक अंकित कुमार के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि विद्यालय में बच्चों की पढ़ाई के साथ-साथ साफ-सफाई और अन्य रचनात्मक गतिविधियों पर भी शिक्षकों द्वारा विशेष ध्यान दिया जा रहा है। ऐसे प्रयास बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। तिरंगा यात्रा में विद्यालय के छात्र-छात्राओं, शिक्षक-शिक्षिकाओं और ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों ने ग्रामीणों को राष्ट्रप्रेम, एकता और राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान का संदेश दिया।







