SIDHARTHNAGAR NEWS: जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर. ने बुधवार को तहसील शोहरतगढ़ का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न पटलों और कार्यालयों का जायजा लिया, साथ ही लंबित मामलों पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए उनके शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। निरीक्षण की शुरुआत जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी कोर्ट से की। उन्होंने उपजिलाधिकारी, तहसीलदार और नायब तहसीलदार के कोर्ट में तीन वर्ष से अधिक समय से लंबित पड़े मुकदमों की पत्रावलियों को देखा और इस पर असंतोष व्यक्त किया। उन्होंने तुरंत इन मामलों को निस्तारित करने के निर्देश दिए, विशेषकर धारा-67 के तहत लंबित प्रकरणों को मौके पर जाकर निस्तारित करने और कब्जा दिलाए जाने पर जोर दिया। इसके अतिरिक्त, जिलाधिकारी ने पारिवारिक सदस्यता प्रमाण-पत्र, पट्टा, आरसी वसूली, ईडब्ल्यूएस प्रमाण-पत्र आदि से संबंधित पत्रावलियों की गहनता से जांच की। उन्होंने आईजीआरएस निस्तारण आख्या का भी अवलोकन किया। इसके बाद, डॉ. राजागणपति आर. ने अभिलेखागार, भूलेख, संग्रह अभिलेखागार, नजारत, खतौनी कक्ष, आपूर्ति कार्यालय और डाक डिस्पैच रजिस्टर व आरके पटल सहित विभिन्न पटलों का निरीक्षण किया। उन्होंने तहसील परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने, पत्रावलियों का रख-रखाव ठीक रखने और प्रतिदिन कोर्ट में सुनवाई करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर उपजिलाधिकारी शोहरतगढ़ राहुल सिंह, तहसीलदार शोहरतगढ़, नायब तहसीलदार शोहरतगढ़ और अन्य संबंधित अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।







