शिक्षक नेताओं के हाउस अरेस्ट पर जताया आक्रोश
PRAYAGRAJ NEWS: उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ प्रयागराज (एकजुट) के नेतृत्व में उप्र शिक्षा निदेशालय लखनऊ पार्क रोड कार्यालय पर शिक्षकों के आफलाइन तबादले के लिए चल रहे आंदोलन में शामिल होने के लिए बड़ी संख्या में शिक्षक, शिक्षिकाएं आज प्रयागराज से शाम को रवाना हो गए हैं। शिक्षकों ने एक स्वर में नारा लगाया है कि तबादला आदेश जारी होने तक आंदोलन जारी रहेगा। शिक्षक, शिक्षिकाओं की बैठक एकजुट के प्रदेश संरक्षक डॉ हरिप्रकाश यादव की अध्यक्षता में बालसन चौराहा स्थित पं दीनदयाल उपाध्याय पार्क में हुई। इसमें सभी शिक्षक, शिक्षिकाओं ने पुलिस, प्रशासन के अफसरों के रवैये की निंदा। करते हुए कहा कि शिक्षक नेताओं को जिले में पुलिस हाउस अरेस्ट कर उनका उत्पीड़न कर रही है जिससे कि वह लखनऊ आंदोलन में शामिल होने के लिए ना जाने पाए। इस शिक्षकों ने एक स्वर में कहा कि आफलाइन तबादले के आदेश जारी होने तक आंदोलन शिक्षा निदेशालय पार्क रोड पर जारी रहेगा। एकजुट के प्रदेश संरक्षक डॉ हरिप्रकाश यादव ने कहा कि आफलाइन तबादले के लिए लखनऊ में चल रहा आंदोलन तबादला आदेश जारी होने के बाद ही खत्म होगा। उन्होंने प्रदेश के बड़ी संख्या में शिक्षक, शिक्षिकाओं का आह्वान किया कि वह तबादले के लिए लखनऊ पहुंचे, सरकार रोकने के लिए जो भी रास्ता अख्तियार करेगी उसका हम, सभी लोग डटकर मुकाबला करेंगे लेकिन प्रदेश के हजारों शिक्षकों के तबादला आदेश जारी होने तक आंदोलन शिक्षा निदेशालय लखनऊ में जारी रहेगा। इस दौरान एकजुट के जिलाध्यक्ष देवराज सिंह, सुरेन्द्र सिंह, मण्डल अध्यक्ष मिथलेश कुमार मौर्य सम्राट, लक्ष्मी कांत, हरिश्चंद्र सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, शिक्षिकाएं शामिल हुए।







