Home उत्तर प्रदेश डेढ़ लाख की रिश्वत मांगने का आरोप, बैनामा कार्यालय का कर्मचारी एंटी...

डेढ़ लाख की रिश्वत मांगने का आरोप, बैनामा कार्यालय का कर्मचारी एंटी करप्शन टीम के हत्थे चढ़ा

FATEHPUR NEWS: खागा तहसील परिसर स्थित बैनामा कार्यालय में जमीन के बैनामे से जुड़े मामले में रिश्वत मांगने के आरोप में एंटी करप्शन टीम ने कार्यालय के कर्मचारी राहुल बाबू को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान टीम ने कथित तौर पर एक लाख रुपये की रिश्वत की रकम बरामद की। जानकारी के अनुसार नगर पंचायत क्षेत्र के संग्रामपुर सानी गांव निवासी एक व्यक्ति ने गाटा संख्या 279 की करीब 12 बिस्वा भूमि का बैनामा कराया था। आरोप है कि इसके बाद बैनामा कार्यालय के कर्मचारी राहुल बाबू ने क्रेता को कार्यालय बुलाकर उससे डेढ़ लाख रुपये की मांग की। आरोपित कर्मचारी ने कथित तौर पर कहा कि जमीन सड़क से जुड़ी होने के कारण उसकी मालियत अधिक है और स्टांप शुल्क भी कम लगाया गया है। इसके एवज में रकम न देने पर जेल भेजने की धमकी दिए जाने का भी आरोप है। पीड़ित के मुताबिक राहुल बाबू ने रकम अधिकारी को देने की बात कही और कथित रूप से फोन पर एक महिला अधिकारी से भी उसकी बातचीत कराई गई। पीड़ित का दावा है कि उससे भी डेढ़ लाख रुपये की मांग की गई। काफी अनुरोध के बाद कथित तौर पर रिश्वत की रकम एक लाख रुपये में तय हुई। इसके बाद पीड़ित ने एंटी करप्शन टीम से संपर्क कर पूरे मामले की जानकारी दी। शिकायत के आधार पर टीम ने योजना बनाकर कार्रवाई की। तय कार्यक्रम के अनुसार जब पीड़ित रिश्वत की रकम लेकर पहुंचा तो एंटी करप्शन टीम ने कथित रूप से एक लाख रुपये लेते हुए राहुल बाबू को रंगे हाथ पकड़ लिया। एंटी करप्शन टीम की कार्रवाई के बाद तहसील परिसर में हड़कंप मच गया। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। हालांकि, रिश्वत मांगने और संबंधित महिला अधिकारी की भूमिका के संबंध में लगाए गए आरोपों की आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।