Home उत्तर प्रदेश डीएम व एसपी ने थाना समाधान दिवस में सुनीं शिकायतें, निस्तारण के...

डीएम व एसपी ने थाना समाधान दिवस में सुनीं शिकायतें, निस्तारण के दिये कड़े निर्देश

PRATAPGARH NEWS: लालगंज कोतवाली में हुए थाना समाधान दिवस में जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त रूप से समस्याओं की सुनवाई की। वही अधिवक्ताओं ने समाधान दिवस में पहुंचे डीएम को तहसील से जुड़ी समस्याओं को लेकर ज्ञापन भी सौंपा। समाधान दिवस में जमीनी विवाद की समस्याओ को लेकर डीएम अभिषेक पाण्डेय का तेवर तल्ख दिखा। वहीं एसपी दीपक भूकर ने भी समाधान को लेकर मातहतों के पेंच कसे। जिलाधिकारी ने राजस्व निरीक्षको व लेखपालों को बारी बारी से तलब कर उनके क्षेत्र में आबादी तथा सार्वजनिक रास्ते आदि से जुड़े विवादों का ब्यौरा भी लेना शुरू किया। इससे राजस्व निरीक्षको व लेखपालों की घिघ्घी बंध गयी। डीएम ने लेखपालों को दो दिन का अभियान चलाकर जर्जर मकानों को भी चिन्हित किये जाने के निर्देश दिये। उन्होने स्पष्ट लहजे में कहा कि जिन मामलों में अदालत का स्थगन निर्माण को लेकर न हो उनके निर्माण में अवरोध का समाधान कराया जाना चाहिए। जिलाधिकारी ने धारा चौबीस के मामलों मे अग्रसारण को लेकर तहसीलो मे नायब तहसीलदार की प्रारंभिक आख्या अमान्य किये जाने की भी बात कही। उन्होने जारी आदेश में सभी तहसीलो मे प्रारंभिक आख्या के अग्रसारण के लिए तहसीलदार की ही आख्या के निर्देश दिये। एसपी दीपक भूकर ने जमीन सम्बन्धी विवादों में मातहतो को राजस्व टीम के साथ मौजूद रहकर शान्ति व्यवस्था कड़ाई से सुनिश्चित किये जाने पर जोर दिया। समाधान दिवस में नौ शिकायतों की डीएम व एसपी ने सुनवाई की। इन सभी शिकायतों के समाधान के लिए राजस्व एवं पुलिस टीम को मौके पर पहुंचने के निर्देश दिये गये। समाधान दिवस के बाद अधिवक्ताओ ने पूर्व अध्यक्ष ज्ञानप्रकाश शुक्ल की अगुवाई में डीएम से मिलकर ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में तहसील में जल निगम की टंकी तथा आरओ के क्रियाशील न होने की शिकायत दर्ज करायी गयी है। वही तहसील परिसर में जलभराव की समस्या के भी स्थायी समाधान की मांग उठाई गयी है। डीएम ने समस्याओं के समयबद्ध निस्तारण का वकीलों को भरोसा दिलाया। इस मौके पर अधिवक्ता देवी प्रसाद मिश्र, बीडी पटेल, संतोष पाण्डेय, अरूण तिवारी, हरिश्चंद्र पाण्डेय, प्रवीण शुक्ला, सुमित त्रिपाठी आदि रहे।