Home उत्तर प्रदेश डीएम का तहसील बिंदकी में औचक निरीक्षण, लापरवाही पर वेतन रोकने के...

डीएम का तहसील बिंदकी में औचक निरीक्षण, लापरवाही पर वेतन रोकने के निर्देश

नायब तहसीलदार व तहसीलदार न्यायिक कोर्ट का किया निरीक्षण

रजिस्टर अपडेट न मिलने पर जताई नाराजगी, दिए सख्त निर्देश
FATEHPUR NEWS: जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने शनिवार को तहसील बिंदकी का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने नायब तहसीलदार कोर्ट, तहसीलदार न्यायिक कोर्ट सहित विभिन्न पटलों का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान तहसील के बड़े बकायेदारों की फाइलों के निस्तारण व रखरखाव में लापरवाही पाए जाने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने तहसीलदार सहित संबंधित कर्मचारियों का वेतन रोकने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने नायब तहसीलदारों के क्षेत्र से संबंधित रजिस्टरों की जांच की। रजिस्टर अद्यतन न मिलने पर उन्होंने सभी नायब तहसीलदारों को स्वयं नियमित रूप से रजिस्टरों की जांच करने के निर्देश दिए। साथ ही एसडीएम से तहसील निरीक्षण की जानकारी ली और नियमित निरीक्षण के साथ पेशकारों की ट्रेनिंग कराने को कहा। दैवीय आपदा से संबंधित रिपोर्ट समय पर प्रस्तुत न होने पर भी जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई और निर्देश दिया कि ऐसी सभी रिपोर्ट 24 घंटे के भीतर प्रस्तुत की जाएं, अन्यथा संबंधितों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। तहसीलदार कोर्ट के निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न वादों की फाइलों का अवलोकन किया और निर्देश दिया कि धारा-67 के लंबित पुराने मामलों का तत्काल निस्तारण किया जाए तथा अन्य वादों का भी समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही कलेक्ट्रेट से प्राप्त प्रार्थना पत्रों का एक सप्ताह के भीतर प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने के निर्देश भी दिए गए। इस अवसर पर एसडीएम बिंदकी, तहसीलदार बिंदकी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।