Home उत्तर प्रदेश डीएम-एसपी ने किया आरओ/एआरओ परीक्षा केंद्रों का किया निरीक्षण

डीएम-एसपी ने किया आरओ/एआरओ परीक्षा केंद्रों का किया निरीक्षण

SIDHARTHNAGAR NEWS: जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर. ने शनिवार को पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन के साथ समीक्षा अधिकारी/सहायक समीक्षा अधिकारी (आरओ/एआरओ) परीक्षा की तैयारियों का जायजा लेने के लिए विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने बाबा हरिदास इंटर कॉलेज (हनुमानगढ़ी) उसका बाजार, किसान इंटर कॉलेज उसका बाजार और सिद्धार्थ पब्लिक स्कूल नौगढ़ का दौरा किया। निरीक्षण के दौरान, जिलाधिकारी ने परीक्षा केंद्रों पर कंट्रोल रूम में लगे सीसीटीवी कैमरों, परीक्षा कक्षों और बैठने की व्यवस्था का गहन अवलोकन किया। उन्होंने सभी केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देश दिए कि 27 जुलाई 2025 को सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक आयोजित होने वाली यह परीक्षा नकलविहीन, शुचितापूर्ण और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराई जाए। जिलाधिकारी ने परीक्षार्थियों के लिए पेयजल और शौचालयों की उचित साफ-सफाई सुनिश्चित करने तथा परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश भी दिए। पुलिस विभाग द्वारा सुरक्षा और शांति व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु पर्याप्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं। यह भी निर्देशित किया गया है कि परीक्षा केंद्र के 500 मीटर के दायरे में फोटोकॉपी की दुकानें बंद रहेंगी और कोई भी संदिग्ध व्यक्ति आसपास न घूमे। परीक्षार्थियों को गहन चेकिंग के बाद ही प्रवेश दिया जाएगा, और उन्हें मोबाइल या कोई भी इलेक्ट्रॉनिक गैजेट अंदर ले जाने की अनुमति नहीं होगी।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों/कर्मचारियों को अपनी जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा और समयबद्धता के साथ निर्वहन करने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान जिला विद्यालय निरीक्षक अरुण कुमार और संबंधित केंद्र व्यवस्थापक भी उपस्थित रहे।