स्वायत्त महाविद्यालयों की अकादमिक गुणवत्ता पर शोध, 69वें दीक्षांत समारोह में मिली उपाधि
FATEHPUR NEWS: जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट), फतेहपुर में कार्यरत प्रवक्ता अमृत कुमार यादव को प्रतिष्ठित लखनऊ विश्वविद्यालय द्वारा डॉक्टर ऑफ फिलॉसफी (पीएचडी) की उपाधि प्रदान की गई। उन्हें यह उपाधि विश्वविद्यालय के 69वें दीक्षांत समारोह में राज्यपाल एवं कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल की उपस्थिति में प्रदान की गई। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश सरकार की उच्च शिक्षा राज्यमंत्री रजनी तिवारी तथा कुलपति प्रो. जे.पी. सैनी भी मौजूद रहे। अमृत कुमार यादव ने लखनऊ विश्वविद्यालय के शिक्षा विभाग में पूर्व डीन एवं पूर्व विभागाध्यक्ष प्रो. डॉ. एम. वर्मा के निर्देशन में उत्तर प्रदेश के स्वायत्त महाविद्यालयों की शैक्षणिक गुणवत्ता : एक अन्वेषणात्मक अध्ययन विषय पर अपना शोध कार्य पूर्ण किया। उनके शोध में उत्तर प्रदेश के स्वायत्त महाविद्यालयों की अकादमिक गुणवत्ता तथा उच्च शिक्षा में स्वायत्तता की भूमिका का विस्तृत अध्ययन किया गया है। शोध के निष्कर्ष उच्च शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार और नीति निर्माण के लिए उपयोगी माने जा रहे हैं। उनकी इस उपलब्धि पर डायट की उप शिक्षा निदेशक एवं प्राचार्य आरती गुप्ता, वरिष्ठ प्रवक्ता राकेश सचान, अजीत कुमार निगम सहित संस्थान के समस्त संकाय सदस्यों, कर्मचारियों एवं प्रशिक्षु शिक्षकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए इसे संस्थान के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया।







