SIDHARTHNAGAR NEWS: होली का त्योहार बांसी के दो परिवारों के लिए गहरे सदमे में बदल गया। होली खेलने के बाद झील में नहाने गए दो किशोरों की डूबने से मौत हो गई। इस दर्दनाक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक और सनसनी फैल गई।घटना होली के दिन बुधवार की बताई जा रही है। नगर निवासी समाजसेवी व लाइनमैन संजीव का 19 वर्षीय पुत्र शिवकरण अपने मित्र प्रतापपुर निवासी 19 वर्षीय अनूप पुत्र बलदेव के साथ होली खेलने के बाद पटेल नगर स्थित नौखनिया डहर झील में नहाने गया था। बताया जाता है कि झील के पास नवनिर्मित पार्क के बगल पानी में वाटर-फिल्ड बैरियर्स रखे हुए थे। दोनों किशोर उसी के सहारे पानी में तैरने लगे, तभी अचानक बैरियर पलट गया और दोनों गहरे पानी में डूब गए। जब तक आसपास मौजूद लोग शोर मचाते और बचाव का प्रयास करते, तब तक दोनों किशोर पानी में समा चुके थे। सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने खोजबीन शुरू की। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद देर शाम दोनों किशोरों को बाहर निकाला गया और तत्काल 50 बेड संयुक्त चिकित्सालय बांसी ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की खबर जंगल में आग की तरह पूरे नगर में फैल गई। अस्पताल परिसर में परिजनों और शुभचिंतकों की भारी भीड़ जमा हो गई। स्थिति को संभालने के लिए प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची। उप जिलाधिकारी निखिल चक्रवर्ती, पुलिस क्षेत्राधिकारी तथा कोतवाली प्रभारी मृत्युंजय पाठक ने लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया। बाद में पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस हृदय विदारक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है और होली की खुशियां पल भर में मातम में बदल गईं।







