FATEHPUR NEWS: हुसैनगंज थाना क्षेत्र में एक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना पिलखिनी गांव के समीप की है, जहां एक ट्रैक्टर ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। जानकारी के अनुसार, मकनपुर गांव निवासी मोहम्मद सुभान का 38 वर्षीय पुत्र मोहम्मद इरफान बाइक से हुसैनगंज थाना किसी कार्य से आया था। काम निपटाकर वह वापस अपने गांव लौट रहा था। जैसे ही उसकी बाइक पिलखिनी गांव के पास पहुंची, तभी सड़क से निकले एक ट्रैक्टर ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में मोहम्मद इरफान गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर पहुंचे लोगों ने उसे तत्काल इलाज के लिए हुसैनगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया। वहां ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। घायल को सरकारी एंबुलेंस से ईएनटी रोहित एवं पायलट आशीष की टीम द्वारा जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज जारी है। वहीं, घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है और मामले की जांच की जा रही है।







