JHANSI NEWS: राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) झांसी ने ट्रेनों और रेलवे प्लेटफॉर्म पर यात्रियों के मोबाइल चोरी करने वाले दो शातिर चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत लगभग 30 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस अधीक्षक रेलवे झांसी के निर्देशन एवं पुलिस उपाधीक्षक रेलवे के पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत थाना जीआरपी झांसी पुलिस ने 3 अगस्त को रेलवे स्टेशन झांसी स्थित कार्यालय वरिष्ठ खंड अभियंता (विद्युत) के पास से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शिवकुमार पुत्र मुरलीलाल निवासी थाना बदोसराय, जनपद बाराबंकी तथा सतावे पुत्र शिवलाल निवासी थाना बदोसराय, जनपद बाराबंकी के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के विरुद्ध जीआरपी थाना झांसी में पूर्व से दर्ज मामलों के आधार पर कार्रवाई की गई। पूछताछ में यह भी सामने आया कि दोनों आरोपी चलती ट्रेनों एवं रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों के मोबाइल फोन चोरी करने की घटनाओं को अंजाम देते थे। आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटाई जा रही है। जीआरपी ने आरोपियों के कब्जे से एक पोको एवं एक रियलमी कंपनी का एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किया है। दोनों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में विधिक कार्रवाई कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया। इस गिरफ्तारी में थाना जीआरपी झांसी के उपनिरीक्षक विवेक कुमार श्रीवास्तव, उपनिरीक्षक गौरव कुमार, कांस्टेबल अनिल कुमार तथा कांस्टेबल धारा सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।







